लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : तल्लानागपुर क्षेत्र के ग्रामीणों की अराध्य देवी व चोपता फलासी मे जगत कल्याण के लिए तपस्यारत भगवती चण्डिका की 25 वर्षों बाद आयोजित देवारा यात्रा के भटवाडी गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया जबकि रूमसी गांव में महिलाओं व ग्रामीणों ने देवारा यात्रा को भावुक क्षणों के साथ विदा किया।
25 वर्षों बाद देवारा यात्रा के आगमन क्षेत्र में भक्ति व आस्था का अनूठा संगम बना हुआ है। भगवती चण्डिका इन दिनों उत्तर देवारा के तहत विभिन्न गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों की कुशलक्षेम पूछकर आशीर्वाद दे रही है। मकर संक्रान्ति पर्व तक भगवती चण्डिका की देवारा यात्रा विभिन्न गांवों का भ्रमण कर गणेशनगर क्षेत्र पहुंचेगी।
लगभग 6 माह तक भगवती चण्डिका चारोऊ दिशाओं का भ्रमण करेंगी तथा चारो दिशाओं के भ्रमण के बाद घर देवारा के तहत भगवती चण्डिका विभिन्न गांवों का भ्रमण करेगी व विशाल यज्ञ के साथ 25 वर्षों बाद आयोजित देवारा यात्रा का समापन होगा । शुक्रवार को रूमसी गांव में विद्वान आचार्यों ने ब्रह्म बेला पर पंचाग पूजन के तहत अनेक पूजाएं समपन्न कर देव सेनापति कुमार कार्तिकेय, तुंगनाथ बाबा व भगवती चण्डिका सहित 33 कोटि देवी- देवताओ का आवाह्न कर आरती उतारी तथा ठीक नौ बजे भगवती चण्डिका की देवारा यात्रा ने रूमसी गांव का नगर भ्रमण कर ग्रामीणों की कुशलक्षेम पूछकर आशीर्वाद दिया। देवारा यात्रा के नगर भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने लाल – पीले वस्त्र व अनेक प्रकार की पूजा सामाग्री अर्पित कर विश्व समृद्धि व क्षेत्र के खुशहाली की कामना की। देर सांय भगवती चण्डिका की देवारा यात्रा के भटवाडी गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। देवारा यात्रा समिति अध्यक्ष मानवेंद्र बर्त्वाल ने बताया कि भगवती चण्डिका की दिवारा यात्रा 10 जनवरी को मणिगुह, 11 खमोली, 12 मालखी , 13 को जगोठ गावो का भ्रमण कर 14 जनवरी को मकर संक्रान्ति पर्व पर रात्रि प्रवास के लिए जाएगी गांव पहुंचेगी।
इस मौके पर पण्डित दीपक बेजवाल, दिनेश बेजवाल, संगीत भट्ट , उपाध्यक्ष दलवीर राणा , कोषाध्यक्ष यशवन्त सिंह नेगी , सते सिंह नेगी , पवन बर्त्वाल, वासुदेव सिंह, जयवर्धन राणा , विनोद रावत, राजेन्द्र सिंह राणा सहित रूमसी व भटवाडी गांवो के सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।

