लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण के नेतृत्व में स्थानीय जनता ने उप जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजकर नगर क्षेत्रान्तर्गत पेयजल आपूर्ति सुचारू करने की मांग की तथा आगामी एक माह के अन्तर्गत पेयजल आपूर्ति नियमित रूप से सुचारू न होने पर आगामी 24 जनवरी को तहसील मुख्यालय पर आन्दोलन करने की चेतावनी दी। जिसका संज्ञान लेते हुए उप जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिकारियो को शीघ्र पेयजल आपूर्ति करने के निर्देश दिये।

उप जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन का हवाला देते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण ने बताया कि नगर क्षेत्रान्तर्गत विभिन्न इलाकों में लम्बे समय से पेयजल संकट बना हुआ है तथा कड़ाके की ठंड मे लोग बूंद- बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। कहा कि एक तरफ नगर से सटे जंगलों में भालूओं का आतंक बना हुआ है दूसरी तरफ विभागीय अनदेखी के कारण पेयजल बना हुआ है। कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ प्रदेश महामंत्री आनन्द सिंह रावत ने कहा कि पिगलापानी – ऊखीमठ पेयजल योजना के मूल स्रोत पर पर्याप्त पानी होने तथा विभागीय अधिकारियों , कर्मचारियों की अनदेखी के कारण मुख्य बाजार में महीनों से पेयजल संकट बना हुआ है।
पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष विजय राणा ने कहा कि नगर क्षेत्रान्तर्गत पूर्व में कई स्थानों पर बोरिंग की गयी मगर बोरिंग वाले स्थानों पर विभाग द्वारा जल संरक्षण का सही प्रयोग न करने से पेयजल संकट बना हुआ है। ज्ञापन में व्यापार संघ अध्यक्ष राजीव भटट, सभासद प्रदीप धर्म्वाण, पूजा देवी ,सरला रावत, बलवीर पंवार, महावीर नेगी , नन्दा देवी , सीमा देवी , रिकी देवी सहित दर्जनों व्यापारियो व ग्रामीणो के हस्ताक्षर मौजूद थे।
