
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोशीमठ में सूचना के अधिकार पर कार्यशाला का आयोजित
संजय कुंवर
ज्योतिर्मठ : राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोशीमठ में सूचना के अधिकार के सम्बंध में युवाओं के बीच जागरूकता का प्रसार करने के लिए एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में बतौर मुख्य वक्ता बोलते हुए ज्योतिर्मठ के वरिष्ठ अधिवक्ता अरुण शाह ने कहा कि सूचना के अधिकार के कारण न केवल राष्ट्रव्यापी भ्रष्टाचार पर नकेल कसी गयी है बल्कि शासन और प्रशासन में नीतियों, योजनाओं और कार्यक्रमों के जमीनी क्रियान्वयन में भी पारदर्शिता आयी है। उन्होंने युवाओं को सूचना के अधिकार के प्रभावी प्रयोग से सम्बंधित सभी महत्वपूर्ण जानकारियां दी और कहा कि इस अधिकार का प्रयोग पूरी जिम्मेदारी से किया जाना चाहिए। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर प्रीति कुमारी ने सूचना के अधिकार को लोकतंत्र में जनता के हाथों का एक सबल यंत्र बताया।

सूचना का अधिकार राष्ट्रव्यापी भ्रष्टाचार के उन्मूलन में सहायक है विषय पर एक निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बीए प्रथम सेमेस्टर की छात्रा हेमा ने प्रथम, प्रभा ने द्वितीय और विशाखा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता में रिस्पना रावत ने प्रथम और प्रिया डाडी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कार्यशाला में संयोजक की भूमिका डॉ. जीके सेमवाल ने और उसका संचालन डॉ. चरणसिंह ने किया। वरिष्ठ प्रोफेसर सत्यनारायण राव सहित महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक और कर्मचारी उपस्थित रहे।

