
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : सोमवार से शुरू होने वाले शारदीय नवरात्रों की तैयारियां शुरू कर दी गयी है। केदार घाटी के अन्तर्गत भगवती के विभिन्न शक्तिपीठों को भव्य रूप से सजाया गया है। सरस्वती नदी के किनारे विराजमान सिद्धपीठ कालीमठ में भी मन्दिर समिति द्वारा शारदीय नवरात्रों को लेकर सभी तैयारिया पूरी कर ली गयी है तथा देश – विदेश के श्रद्धालुओं ने सिद्धपीठ कालीमठ की ओर रूख कर दिया है।
भगवती राकेश्वरी ,सिद्धपीठ काली शिला सहित सभी शक्ति पीठों में शारदीय नवरात्रों की तैयारियां पूरी कर ली गयी है तथा भक्तो मे भारी उत्साह बना हुआ है । शारदीय नवरात्रों से पूर्व मुख्य बाजारों में रौनक लौटने लगी है। जानकारी देते हुए कालीमठ मन्दिर प्रबन्धक प्रकाश पुरोहित ने बताया कि कल से शुरू होने वाले शारदीय नवरात्रों की सभी तैयारियां शुरू कर दी गयी है तथा भक्तो ने कालीमठ घाटी की ओर रूख कर दिया है। उन्होंने बताया कि सिद्धपीठ कालीमठ मन्दिर परिसर को भव्य रूप से सजाया गया है तथा आगामी समय में सप्तमी ,अष्टमी व नवमी पर्व पर होने वाली धार्मिक अनुष्ठान के कार्यक्रम तय किये जायेगे।
पण्डित दिनेश गौड ने बताया कि सिद्धपीठ कालीमठ को पांच कुन्तल फूलों से सजाया गया है। वेदपाठी रमेश चन्द्र भट्ट ने बताया कि शारदीय व चैत्र नवरात्रों में सिद्धपीठ कालीमठ मे पूजा – अर्चना का विशेष महत्व माना गया है। मन्दिर समिति के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी यदुवीर पुष्वाण ने बताया कि सिद्धपीठ कालीशिला में शारदीय नवरात्रों की सभी तैयारिया पूरी कर ली गयी है । प्रधान रासी सोनिया पंवार ने बताया कि शारदीय नवरात्रों में भगवती राकेश्वरी मन्दिर में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जायेगा जिनकी तैयारियां पूरी कर ली गयी है।

