ऊखीमठ : बदहाल मोटर मार्ग पर जानलेवा बना सफर

Team PahadRaftar

लक्ष्मण नेगी 

ऊखीमठ :  ऊखीमठ – मनसूना – रासी मोटर मार्ग के डामरीकरण व विस्तारीकरण के नाम पर विगत 11 वर्षों में 19 करोड़ रूपये व्यय होने के बाद भी मोटर मार्ग अधिकांश स्थानों पर जानलेवा बना हुआ है। विगत वर्ष लगभग पांच करोड़ की लागत से हुए डामरीकरण के जगह- जगह उखड़ने से मोटर मार्ग तालाबों में तब्दील होता जा रहा है जिससे द्वितीय केदार मदमहेश्वर धाम जाने वाले तीर्थ यात्रियों व मदमहेश्वर घाटी के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को जान हथेली पर रखकर आवाजाही करनी पड रही है । इन दिनो विभाग द्वारा कुछ स्थानों पर क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवालों का निर्माण तो किया जा रहा है मगर गुणवत्ता के अभाव मे सुरक्षा दीवाले कभी भी धराशाई हो सकती है। स्थानीय जनता का कहना है कि मोटर मार्ग के डामरीकरण व विस्तारीकरण के लिए स्वीकृत में विभागीय अधिकारियों की जेबों में मोटा कमीशन गायब होने के कारण योजना का धरातलीय क्रियान्वयन नही हो पाया है।

बता दें कि वित्तीय वर्ष 2015/16 में पीएमजीएसवाई द्वारा ऊखीमठ – मनसूना – रासी मोटर मार्ग के डामरीकरण व विस्तारीकरण पर 14 करोड़ रूपये व्यय किये गये थे । मोटर मार्ग के डामरीकरण व विस्तारीकरण के लिए स्वीकृत धनराशि का धरातलीय क्रियान्वयन न होने पर मदमहेश्वर घाटी के जनप्रतिनिधियों ने वर्ष 2019 में तहसील मुख्यालय पर कई दिनों तक आन्दोलन कर मोटर मार्ग के डामरीकरण व विस्तारीकरण पर व्यय करोड़ों रुपए की जांच की मांग की थी । वित्तीय वर्ष 2021 – 22 में उक्त मोटर मार्ग पीएमजीएसवाई से लोक निर्माण विभाग ऊखीमठ डिवीजन को स्थानांतरित हुआ था, वित्तीय वर्ष 2023 – 24 में लोक निर्माण विभाग द्वारा भी मोटर मार्ग के डामरीकरण व विस्तारीकरण पर पांच करोड़ रूपये व्यय करने के बाद भी मोटर मार्ग जानलेवा बना हुआ है। मदमहेश्वर घाटी विकास मंच पूर्व अध्यक्ष मदन भट्ट का कहना है कि विभागीय लापरवाही के कारण मोटर मार्ग जानलेवा बना हुआ है। व्यापार संघ अध्यक्ष मनसूना अवतार राणा का कहना है कि मोटर मार्ग पर डामरीकरण उखड़ने से मोटर मार्ग तालाबों में तब्दील होता जा रहा है। ग्रामीण हर्षमणि सेमवाल ने बताया कि मोटर मार्ग पर सफर करना जानलेवा बना हुआ है। वहीं दूसरी ओर विभागीय अधिकारियो से सम्पर्क करना चाहा मगर सम्पर्क नही हो पाया।

Next Post

ऊखीमठ : केदारघाटी में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित

लक्ष्मण नेगी  ऊखीमठ : केदारघाटी सहित विभिन्न इलाकों में विगत दो दिनो से हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन खासा प्रभावित हो गया है। मन्दाकिनी सहित सहायक नदियों के जल स्तर पर निरन्तर वृद्धि होने से नदी किनारों बसे ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। मूसलाधार बारिश के कारण […]

You May Like