ऊखीमठ : द्वितीय केदार भगवान मद्महेश्वर की उत्सव डोली ओंकारेश्वर मन्दिर से कैलाश को रवाना

Team PahadRaftar

लक्ष्मण नेगी 

ऊखीमठ : द्वितीय केदार भगवान मद्महेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली सोमवार को शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मन्दिर से कैलाश के लिए रवाना हो गयी है तथा देर सांय प्रथम रात्रि प्रवास के लिए राकेश्वरी मन्दिर रासी पहुंच गयी है।

भगवान मद्महेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली के ऊखीमठ से कैलाश रवाना होने पर ग्रामीणों ने पुष्प अक्षत्रों से विदा किया तथा लाल – पीले वस्त्र अर्पित कर क्षेत्र के खुशहाली व विश्व समृद्धि की कामना की। विभिन्न यात्रा पड़ावों पर भक्तों को आशीर्वाद देते हुए 21 मई को भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली मदमहेश्वर धाम पहुंचेगी तथा भगवान मदमहेश्वर के कपाट वेद ऋचाओं व मंत्रोच्चारण के साथ ग्रीष्मकाल के लिए खोल दिये जायेगें।

Oplus_0

सोमवार को भगवान मदमहेश्वर के शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मन्दिर में मदमहेश्वर धाम के प्रधान पुजारी शिव लिंग लिंग ने ब्रह्म बेला पर पंचाग पूजन के तहत भगवान मदमहेश्वर सहित तैतीस कोटि – देवी – देवताओं का आवाहन किया तथा हक – हकूकधारी गांवों के ग्रामीणों ने भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली का विशेष श्रृंगार कर आरती उतारी। केदारनाथ धाम के रावल भीमाशंकर लिंग ने मदमहेश्वर धाम के प्रधान पुजारी शिव लिंग को पगड़ी व अचकन पहनाकर छह माह मदमहेश्वर धाम में पूजा करने का संकल्प दिया। ठीक 7:30 बजे प्रातः भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली ने शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मन्दिर की एक परिक्रमा की तो ओंकारेश्वर मन्दिर के प्रधान पुजारी टी गंगाधर व शिव शंकर लिंग ने डोली की आरती उतारकर कैलाश के लिए विदा किया। भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली के धाम रवाना होने पर विद्वान आचार्यों के वेद ऋचाओं, भक्तों की जयकारों , महिलाओ के धार्मिक भजनों व स्थानीय वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों से क्षेत्र का वातावरण गुंजायमान हो उठा। भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली डगवाडी, ब्राह्मण खोली, मंगोलचारी, सलामी, फापज, मनसूना, बुरुवा, राऊलैंक, उनियाणा सहित विभिन्न यात्रा पडावों पर भक्तों को आशीष देते हुए रात्रि प्रवास के लिए राकेश्वरी मन्दिर रासी पहुंची जहां पर ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर डोली का भव्य स्वागत किया। भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली के आगमन पर रासी के ग्रामीणों सहित विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों ने अर्ध्य लगाकर मनौती मांगी। मंगलवार को भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली अन्तिम रात्रि प्रवास के लिए मद्महेश्वर यात्रा के आधार शिविर गौण्डार गाँव पहुंचेगी! इस मौके पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण, शिव सिंह रावत, व्यापार संघ अध्यक्ष राजीव भटट्, राजशेखर लिंग, नारायण दत्त जुयाल, सभासद प्रदीप धर्म्वाण, रवीन्द्र रावत, ओंकारेश्वर मन्दिर प्रभारी रमेश नेगी, डोली प्रभारी दीपक पंवार, दिवारा यात्रा प्रभारी देवेन्द्र पटवाल, सहायक प्रभारी प्रकाश पुरोहित, वेदपाठी विश्व मोहन जमलोकी, राजन सेमवाल,भण्डारी मदन पंवार, देवानन्द गैरोला, ,महेश बर्तवाल, प्रमोद नेगी, विजया असवाल, राजकुमार नौटियाल, डा0 कैलाश पुष्वाण, बबीता भटट्, आरती शैव, रेखा रावत, भगवती प्रसाद भट्ट, अभ्युदय जमलोकी,नवदीप नेगी, फते सिंह पंवार, शिशुपाल पंवार, कलम सिंह पंवार, सुन्दर सिंह पंवार , गणेश सेमवाल, पूर्व प्रधान राय सिंह धर्म्वाण, थानाध्यक्ष मुकेश चौहान, अवर अभियन्ता बीरेन्द्र भण्डारी सहित मन्दिर समिति के अधिकारी, कर्मचारी, हक – हकूकधारी गांवों के ग्रामीण व सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

Next Post

गोविंदघाट : हेमकुंड साहिब के कपाट खोलने की तैयारियां हुई तेज, सजने लगे गुरूद्वारे  

हेमकुंड साहिब के कपाट खोलने की तैयारियां हुई तेज, सजने लगे गुरूद्वारे   संजय कुंवर  गोविंदघाट  : उत्तराखंड के चमोली जनपद में स्थित उच्च हिमालई लोकपाल घाटी में मौजूद सिक्ख धर्म आस्था का केंद्र पवित्र गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब जी के कपाट खुलने को लेकर यात्रा तैयारिया तेज हो गई है। […]

You May Like