ऊखीमठ : केदारघाटी में फिर बदला मौसम का मिजाज, बार-बार करवट लेने से जनजीवन खासा प्रभावित 

Team PahadRaftar

केदारघाटी में फिर बदला मौसम का मिजाज, बार-बार करवट लेने से जनजीवन खासा प्रभावित 

लक्ष्मण नेगी 

ऊखीमठ। केदारघाटी में एक बार फिर मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बीते कुछ दिनों से कभी धूप तो कभी घने बादल, हल्की वर्षा और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के कारण मौसम अस्थिर बना हुआ है। मौसम के इस बदले मिजाज से न केवल तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, बल्कि आम जनजीवन भी खासा प्रभावित हो गया है। सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड का एहसास लोगों को फिर से सर्दियों का अहसास करा रहा है।

बार-बार मौसम बदलने से ग्रामीण क्षेत्रों में दैनिक कार्यों पर असर पड़ा है। खेत-खलिहानों में काम कर रहे किसानों को मौसम की अनिश्चितता के चलते कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं वर्षा और बर्फबारी के कारण कई स्थानों पर कच्चे मार्ग फिसलन भरे हो गए हैं, जिससे आवाजाही में दिक्कतें बढ़ गई हैं। ऊंचाई वाले गांवों में ठंड बढ़ने से लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेने को मजबूर हैं।

जानकारी देते हुए मदमहेश्वर घाटी गैड बष्टी के प्रगतिशील काश्तकार बलवीर राणा ने बताया कि मदमहेश्वर घाटी में एक बार मौसम के करवट लेने से तापमान में भारी गिरावट महसूस होने लगी है तथा जनजीवन खासा प्रभावित होने लगा है । मदमहेश्वर घाटी रासी के ग्रामीण शिव सिंह रावत ने बताया कि आने वाले समय में यदि मौसम का मिजाज इसी प्रकार रहा तो मनणामाई तीर्थ, पाण्डव सेरा , नन्दीकुण्ड, मदमहेश्वर व विसुणीताल सहित ऊंचाई वाला भू-भाग फिर बर्फबारी से लकदक हो सकता है। तल्लानागपुर घिमतोली ग्वास निवासी दीपक नेगी का कहना है कि मौसम के अनुकूल बर्फबारी व बारिश होने से प्रकृति में नव ऊर्जा का संचार तो हुआ है मगर मौसम के बार- बार बदलने से जनजीवन खासा प्रभावित हो गया है।

Next Post

गौचर : जिले के 11 छात्रों का प्रोजेक्ट राज्यस्तरीय के लिए हुआ चयन

केएस असवाल  गौचर : पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गौचर चमोली में जिला समन्वयक गंभीर सिंह असवाल के नेतृत्व में जिला स्तरीय इन्स्पायर अवार्ड प्रदर्शनी एवं प्रोजेक्ट प्रतियोगिता का आयोजन शानदार रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ प्रारंभ। सोमवार को प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य शिक्षा अधिकारी चमोली पंकज उप्रेती, प्रधानाचार्य […]

You May Like