
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : उत्तराखंड ग्रामीण बैंक शाखा मनसूना द्वारा नाबार्ड के सहयोग से आयोजित वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम में मद्महेश्वर घाटी के जनप्रतिनिधियों, विभिन्न स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओ, बैंक सखियों व ग्राहकों ने बढ़ – चढ़कर भागीदारी की. कार्यक्रम में सभी को बैंक शाखा द्वारा संचालित सभी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गयी।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए खण्ड विकास अधिकारी सुश्री अनुष्का ने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों व सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ पाने के लिए स्वयं आगे आना होगा. कहा कि देश के विभिन्न स्थानों पर मिलायें अनेक सर्वोच्च पद पर अपने कर्तव्यों की निर्वहन त्याग व समर्पण की भावना से कर रही है तथा बैक शाखाओं के सहयोग से राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सैकड़ो मिलायें आत्मनिर्भर बन चुकी है। शाखा प्रबन्धक गंगेय त्रिपाठी ने कहा कि ग्राहको व बैंक शाखाओं के मध्य आपसी समन्वय होने से दोनो को लाभ मिलता है। कहा कि आज उत्तराखंड ग्रामीण बैंक वित्तीय मामलो में बेहतरीन प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने ग्राहकों को प्रधानमंत्री सुरक्षा योजना , जीवन ज्योति योजना, अटल पेन्शन योजना , बीमा योजना तथा वित्तीय समायोजन की विस्तृत जानकारी दी।
मद्महेश्वर घाटी विकास मंच पूर्व अध्यक्ष मदन भट्ट ने कहा कि विगत 16 वर्षों में बैंक शाखा ने सराहनीय कार्य किया है तथा बैंक से ऋण लेकर सैकड़ो ग्राहक आत्मनिर्भर बन चुके है । उन्होने मद्महेश्वर घाटी में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत लघु उद्योग खोलने की मांग की। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के ब्लॉक प्रोजेक्ट मैनेजर रणजीत सिंह रावत ने ग्राहकों को अनेक जानकारियां दी। बैक सखी सरिता नेगी ने कहा कि बैंक द्वारा संचालित हर योजना की जानकारी आम नागरिक के पहुंचाना बैंक सखी का मुख्य उद्देश्य होना चाहिए जिससे बैंक द्वारा संचालित योजनाओ का लाभ आम नागरिकों को मिल सके। इस मौके पर नवनियुक्त खंड विकास अधिकारी अनुष्का के पहली बार मद्महेश्वर घाटी आगमन पर बैंक परिवार व जनप्रतिनिधियों द्वारा उन्हे पुष्प गुच्छ व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर व्यापार संघ अध्यक्ष अवतार राणा , ग्राम पंचायत गिरीया प्रशासक प्रताप सिंह राणा , पूर्व प्रधान सरिता देवी , योगेन्द्र भट्ट, क्षेत्रीय समन्वयक शक्ति प्रकाश , आशा देवी, रजनी देवी,बीना देवी,उमा देवी, अनीता देवी, दर्शनी देवी , ललिता देवी,रेखा देवी ,बीरा देवी , कुवरी देवी , दीपा देवी , मंजू देवी गुड्डी देवी सहित विभिन्न क्षेत्रो के ग्रामीण मौजूद रहे।

