ऊखीमठ : महिलाओं ने प्राकृतिक रंगों से खेली होली

Team PahadRaftar

मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना के तहत ब्लॉक सभागार में लखपति दीदी होली मिलन समारोह.
वक्ताओं ने महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को बताया प्रदेश की प्रगति का आधार।

 

लक्ष्मण नेगी 

ऊखीमठ : मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन व हिमोत्थान सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में ब्लांक सभागार में लखपति दीदी होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की 7 सहकारी स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्वयं सहायता समूह द्वारा तैयार किया गया प्राकृतिक रंग, रंग-बिरंगे परिधानों, पारंपरिक होली गीतों और आपसी स्नेह-सम्मान के वातावरण में आयोजित इस समारोह ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक नई ऊर्जा का संचार किया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर, स्वावलंबी और निर्णय क्षमता से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि “लखपति दीदी” अभियान के माध्यम से प्रदेश की हजारों महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर अपने परिवार की आर्थिक रीढ़ बन चुकी हैं। कहा कि होली मिलन जैसे आयोजनों से आपसी समन्वय, अनुभव साझा करने और नवाचार की प्रेरणा मिलती है। राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट ने कहा कि पर्व-त्योहार हमारी संस्कृति की आत्मा हैं, और जब इन उत्सवों को महिला सशक्तिकरण से जोड़ा जाता है तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन की गति और तेज हो जाती है। जिला पंचायत सदस्य परकण्डी प्रीति पुष्वाण ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों की सराहना करते हुए उनके विपणन के लिए और अधिक मंच उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को लखपति दीदी बनाने के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं कृषि, पशुपालन, हस्तशिल्प, खाद्य प्रसंस्करण एवं लघु उद्योगों के माध्यम से आर्थिक उन्नति की मिसाल पेश कर रही हैं। कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी ने कहा कि कहा, होली का पर्व आपसी प्रेम, सद्भाव और समरसता का प्रतीक है। खण्ड विकास अधिकारी अनुष्का ने कहा कि जब हमारी बहनें आर्थिक रूप से मजबूत होंगी तो परिवार, समाज और प्रदेश स्वतः सशक्त होगा। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाकर आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हों। प्यारे फाउंडेशन दिल्ली चैयरमैन डॉ अंजलि कौल ने महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी अनेक जानकारी दी जबकि संचालन सहायक खण्ड विकास अधिकारी वीरेन्द्र मोहन घिडिल्याल व अरूण बुटोला ने संयुक्त रूप से किया । समारोह में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा पारंपरिक होली गीत,चांचरी एवं लोकनृत्य प्रस्तुत किए गए, जिन पर उपस्थित जन समूह ने जमकर तालियां बजाईं।

इस मौके पर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष विजय राणा , प्रधान संगठन ब्लांक अध्यक्ष त्रिलोक रावत , महामंत्री मदन भट्ट, राज्य महिला आयोग सदस्य दर्शनी पंवार, जिला पंचायत सदस्य सरोज राणा , पूर्व कनिष्ठ प्रमुख जीवन्ती खोयाल, संदीप पुष्वाण, रामेश्वरी देवी, पूनम बढियारी, बलवीर राणा , कुमारी साक्षी नेगी, ब्लांक मिशन मैनेजर रणजीत रावत, भरत सिंह नेगी, हेमलता नौटियाल, रेखा रावत , पूर्व प्रधान प्रेमलता पंत, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी ज्योति बिष्ट सहित विभिन्न स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं व विभागीय अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।

Next Post

चमोली : पत्रकारों और जनप्रतिनिधियों ने रंग - गुलाल लगाकर मनाई होली

पत्रकारों ने होली मिलन समारोह में आपसी सौहार्द का दिया संदेश केएस असवाल  चमोली  : पत्रकारों द्वारा आयोजित होली मिलन कार्यक्रम हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, पत्रकारों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। इस अवसर पर स्थानीय विधायक अनिल नौटियाल की गरिमामई […]

You May Like