
माँ शारदा कीर्ति सम्मान : महिला पर्यावरण मित्रों का भव्य सम्मान समारोह संपन्न
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के पावन अवसर पर जीवन निर्माण एजुकेशन सोसाइटी द्वारा आयोजित भव्य समारोह में पाँच प्रतिभाशाली महिला पर्यावरण मित्रों को प्रतिष्ठित “माँ शारदा कीर्ति सम्मान 2026 से अलंकृत किया गया। यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण एवं समाज सेवा के क्षेत्र में महिलाओं के अमूल्य योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान सांकरी वंदना नेगी, कार्यक्रम अध्यक्ष कालीमाई मंदिर कालीमठ के वरिष्ठ पुजारी जगमोहन चंद्र गौड़ एवं संस्था के चेयरपर्सन मनोज बेंजवाल ने दीप प्रज्ज्वलित एवं माँ शारदा के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। दीप की लौ के समक्ष सभी ने समाज की उन्नति और महिला सशक्तिकरण का सामूहिक संकल्प लिया।संस्था के संस्थापक एवं कार्यक्रम संयोजक लखपत सिंह राणा ने अपने उद्बोधन में कहा, “जीवन निर्माण एजुकेशन सोसाइटी वर्षों से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित करती आ रही है। महिलाएं केवल परिवार की नहीं, बल्कि संपूर्ण समाज और प्रकृति के संरक्षण की धुरी हैं।
इस अवसर पर स्वच्छता के प्रहरी बनकर पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में दशकों से उल्लेखनीय कार्य करने वाली पाँच महिला पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया गया। श्रीमती पूजा देवी· श्रीमती मोनू देवी, श्रीमती डोली देवी, श्रीमती कविता देवी, श्रीमती पूनम देवी।
मुख्य अतिथियों के कर-कमलों द्वारा माताओं को प्रतीक चिह्न, अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके अनवरत कार्यों की सराहना की गई।संस्था के चेयरपर्सन मनोज बेंजवाल ने कहा कि मातृ शक्ति का सम्मान तब सार्थक होगा जब महिलाओं के कार्यों एवं क्षमताओं को पहचानकर उन्हें उचित अवसर प्रदान किए जाएं।डॉ. जैक्स वीन नेशनल स्कूल की वरिष्ठ शिक्षिका एवं हिंदी प्रवक्ता ज्योति असवाल ने कहा कि महिलाएं यदि संकल्प ले लें तो समाज की हर धारा को बदल सकती हैं।भौतिक विज्ञान प्रवक्ता सुलेखा चौहान एवं संगीता दानू ने महिला सशक्तिकरण पर समानता और सम्मान का संदेश दिया, वहीं जीव विज्ञान प्रवक्ता कविता दुमागा एवं राजेश्वरी नौटियाल ने पर्यावरण संरक्षण में महिलाओं की भूमिका को रेखांकित किया। गणित प्रवक्ता मनीष डिमरी ने कहा कि महिला दिवस केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि महिलाओं के प्रति दैनिक सम्मान का प्रतीक होना चाहिए। रसायन विज्ञान प्रवक्ता राहुल राणा ने सभी सम्मानित महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दीं। अंत में माँ शारदा की आरती के साथ समारोह का समापन हुआ तथा सभी ने पर्यावरण संरक्षण और महिला सम्मान का संकल्प लेकर विदा ली।
