लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : कालीमठ घाटी के सीमान्त गांवों के ग्रामीणों की अराध्य भगवती चामुण्डा की दिवारा यात्रा रात्रि प्रवास के लिए ल्वारा गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। भगवती चामुण्डा की दिवारा यात्रा के आयोजन से ल्वारा क्षेत्र के हर गांव का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है तथा भगवती चामुण्डा की दिवारा यात्रा विभिन्न गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों की कुशलक्षेम पूछकर आशीर्वाद दे रही है तथा ग्रामीण श्रद्धा भाव से भगवती चामुण्डा की पूजा – अर्चना कर मनौती मांग कर विश्व कल्याण व क्षेत्र के खुशहाली की कामना कर रहे है।

रविवार को ब्रह्म बेला पर विद्वान आचार्य अमित भट्ट, राजेन्द्र प्रसाद देवशाली , अनूप भट्ट, गोपाल देवशाली ने ल्वाणी गांव मे ब्रह्म बेला पर पंचाग पूजन के तहत विधि – विधान से अनेक पूजाएं समपन्न कर भगवती चामुण्डा , भगवान केदारनाथ सहित तैतीस कोटि देवी – देवताओ का आवाहन कर आरती उतारी तथा ठीक 9 बजे भगवती चामुण्डा की दिवारा यात्रा ने ल्वाणी गांव में नगर भ्रमण के तहत विभिन्न तोकों का भ्रमण कर ग्रामीणों की कुशलक्षेम पूछकर आशीर्वाद दिया तथा ग्रामीण ने अनेक प्रकार की पूजा सामाग्रियो से अर्घ्य लगाकार व लाल – पीले वस्त्र अर्पित कर मनौती मांगी।
भगवती चामुण्डा की दिवारा यात्रा के ल्वाणी गांव के लिए रवाना होने पर ब्राह्मणों ने वेद ऋचाओ , महिलाओं ने मांगलिक गीतों , भक्तों ने जय माता के उद्घोषों , स्थानीय वाद्य यंत्रों की मधुर धुनो से दिवारा यात्रा की अगुवाई की। देर सांय दिवारा यात्रा के ल्वारे गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया।
समिति कार्यकारी अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह तिन्दोरी , ने बताया कि आगामी दिनो मे दिवारा लमगौण्डी, देवली भणिग्राम, नागजगई का भ्रमण करेगी तथा दुर्गा मन्दिर फेगू मे भगवती दुर्गा व चामुण्डा का कई वर्षो बाद ऐतिहासिक मिलन होगा जिसके हजारो श्रद्धालु साक्षी बनेगे। दिवारा यात्रा में साथ चल रहे राय सिंह तिन्दोरी ने बताया कि दिवारा यात्रा बरम्वाणी, डमार , टिमरिया सहित अगस्तमुनि क्षेत्र के विभिन्न गांवों का भ्रमण करते हुए आगामी 13 जनवरी को हरिद्वार पहुंचेगी तथा 14 जनवरी को मकर संक्रान्ति पर्वपर गंगा स्नान व तीर्थदर्शन के बाद अपने भण्डार गृह जाल मल्ला के लिए वापस लौटेगी।
इस मौके संरक्षक कृपाल सिंह राणा , त्रिलोक सिंह रावत , सचिव कीरत सिंह राणा , रामचन्द्र सिंह राणा , कोषाध्यक्ष योगम्बर सिंह रावत , दिनेश सत्कारी , मोहन सिंह राणा , मुलायम सिंह तिन्दोरी , दिलवर सिंह राणा , राजेन्द्र सिंह सत्कारी , दिनेश तिन्दोरी , प्रदीप पंवार, रमेश पंवार, मोहन सिंह सत्कारी , प्रकाश राणा , त्रिलोक सिंह राणा सहित ल्वाणी व ल्वारा गांवों के सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद थे।
