
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : सेवा इंटरनेशनल भारत द्वारा सेवा आरोग्यम कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखण्ड ऊखीमठ के सीमान्त क्षेत्र के विभिन्न गांवों में तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविरों में 109 ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि एक मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिला चिकित्सालय रेफर किया गया।
सेवा इंटरनेशनल भारत द्वारा सेवा आरोग्यम कार्यक्रम के तहत लम्बे समय से सीमान्त क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने की पहल की जा रही है जिसका सीमान्त गांवों के ग्रामीणों को भरपूर लाभ मिल रहा है। जानकारी देते हुए ब्लॉक लीडर जीतेन्द्र कुमार पुरोहित ने बताया कि मदमहेश्वर घाटी के राउललैक व बुरवा में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में कुल 43 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया जबकि न्याय पंचायत मनसूना में आयोजित शिविर में 30 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया जिसमें एक मरीज को बेहतर उपचार हेतु जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग रेफर किया गया। उन्होंने बताया कि तुंगनाथ घाटी के मक्कूमठ व परकंडी में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 36 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
उन्होंने बताया कि तीनों स्थानों पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के लिए तिथिया निर्धारित की गयी है जिससे ग्रामीणो को स्वास्थ्य शिविरो का अधिक लाभ मिल सके। बताया कि तीनो स्थानो पर आयोजित स्वास्थ्य शिविरों के दौरान ग्रामीणों को अनुभवी चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परामर्श, आवश्यक जाँच एवं निःशुल्क दवाइयाँ उपलब्ध कराई गईं। तथा डॉ. दिव्या, राहुल रावत, आयुष रावत, पायल नेगी, मंजू, यशवंत नेगी, सुरेंद्र बिष्ट एवं पूनम द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य शिविरो मे महत्वपूर्ण योगदान दिया जा रहा है । उन्होने बताया कि सेवा इंटरनेशनल भारत द्वारा किए जा रहे प्रयास ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य जागरूकता एवं प्राथमिक उपचार की दिशा में सशक्त पहल की जा रही है।
