
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : कालीमठ घाटी के सीमान्त गांव चौमासी , जाल मल्ला, जाल तल्ला ,चिलौण्ड व खोन्नू के ग्रामीणों की अराध्य देवी भगवती चामुण्डा की दूसरे चरण की दिवारा यात्रा वेद ऋचाओं व भक्तों के जयकारों के साथ शुरू हो गयी है।

दूसरे चरण की दिवारा यात्रा के शुभारंभ अवसर पर हजारों भक्तो ने भगवती चामुण्डा को डोली के दर्शन कर पुण्य अर्जित किया। दिवारा यात्रा में कई देवी – देवताओं के निशाण भगवती चामुण्डा की अगुवाई कर रहे हैं । बुधवार को भगवती चामुण्डा की दिवारा यात्रा विभिन्न गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों की कुशलक्षेम पूछकर आशीर्वाद देगी तथा रात्रि प्रवास के लिए नाला गुप्तकाशी पहुंचेगी। भगवती चामुण्डा की दिवारा यात्रा आगामी 14 जनवरी को मकर संक्रान्ति पर्व पर हरिद्वार मे तीर्थ स्नान व तीर्थ दर्शन करने के बाद अपने भण्डार गृह जाल मल्ला के लिए लौटेंगी।
मंगलवार को भगवती चामुण्डा के भण्डार गृह जाल मल्ला में विद्वान आचार्य गणेश देवशाली , अमित भट्ट, जटाधर भट्ट, राजेन्द्र प्रसाद देवशाली ,अनूप भट्ट ने ब्रह्म बेला पर पंचाग पूजन के तहत अनेक पूजायें समपन्न कर भगवती चामुण्डा ,कोटि माहेश्वरी ,रूच्छ महादेव का आवाहन कर आरती उतारी । दोपहर 12 बजे भगवती चामुण्डा की डोली अपने भण्डार गृह से पंचायत चौक के लिए रवाना हुई तो भक्तों की जयकारो से सम्पूर्ण भूभाग गुजायमान हो उठा। भगवती चामुण्डा की दिवारा यात्रा के पंचायत चौक पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने अनेक प्रकार की पूजा सामाग्री अर्पित कर विश्व कल्याण व क्षेत्र खुशहाली की कामना की। दूसरे चरण की दिवारा यात्रा के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए राज्य महिला आयोग उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत ने कहा कि कालीमठ घाटी के पग – पग पर अनेक देवी – देवता जगत कल्याण के लिए तपस्यारत है तथा भविष्य मे इन तीर्थ स्थलो मे तीर्थाटन की अपार सम्भावनाये है।
उन्होंने कहा कि कालीमठ घाटी को प्रकृति ने अपने वैभवों का भरपूर दुलार दिया है इसलिए भविष्य मे चौमासी – खाम – केदारनाथ पैदल ट्रैक क्षेत्र के विकास मे मील का पत्थर साबित होगा। पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुमंत तिवारी ने कहा कि संस्कृति व प्रकृति एक दूसरे के पूरक है इसलिए संस्कृति व प्रकृति के संरक्षण व संवर्धन के लिए सामूहिक पहल होनी चाहिए। कार्तिकेय मन्दिर समिति अध्यक्ष बिक्रम सिंह नेगी ने कहा कि कालीमठ घाटी मे धार्मिक, आध्यात्मिक, पौराणिक व सांस्कृतिक गतिविधियों का समागम युगो से होता रहता है । दिवारा यात्रा कार्यकारी अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह तिन्दोरी ने बताया कि भगवती चामुण्डा की दिवारा यात्रा गुप्तकाशी ,ल्वारा व नागजगई क्षेत्रो के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देगी तथा आगामी 14 जनवरी को हरिद्वार मे तीर्थ स्नान व तीर्थ दर्शन करेगी । इस मौके पर प्रधान संगठन ब्लॉक अध्यक्ष त्रिलोक सिंह रावत, प्रधान प्रदीप राणा , क्षेत्र पंचायत सदस्य रेखा देवी ,पूर्व प्रधान दलेब राणा ,मुलायम सिंह तिन्दोरी , मोहन सिंह राणा , संरक्षक कृपाल सिंह राणा , सलाहकार रामचन्द्र सिंह राणा , सचिव कीरत सिंह राणा , सह सचिव राजेन्द्र सिंह राणा ,कोषाध्यक्ष योगम्बर सिंह रावत, पदमेन्द्र रावत , चन्द्रशेखर सेमवाल, दिनेश राणा , आलोक गुसाई, दिनेश सत्कारी , सतीश सत्कारी सहित विभिन्न गांवों के जनप्रतिनिधि व ग्रामीण मौजूद रहे।
