कालीमठ घाटी की मां भगवती चामुण्डा की दूसरे चरण की दिवारा यात्रा कल मंगलवार से शुरू होगी, भगवती का आशीर्वाद लेने के लिए भक्तों व धियाणियों ने गांवों का रूख शुरू कर दिया है। जिससे घाटी में रौनक लौट आई।
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : कालीमठ घाटी के शीर्ष पर विराजमान भगवती चामुण्डा की कल से शुरू होने वाली दूसरे चरण की दिवारा यात्रा की सभी तैयारिया पूरी कर ली गयी है। दूसरे चरण की दिवारा यात्रा में शामिल होने के लिए भक्तों व धियाणियों ने गांवों की ओर रूख करने से कालीमठ घाटी के सीमान्त गांवों में रौनक लौटने लगी है।

दूसरे चरण की दिवारा यात्रा में भगवती चामुण्डा विभिन्न तीर्थ स्थलों व गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों की कुशलक्षेम पूछेगी तथा अगले वर्ष 14 जनवरी को मकर संक्रान्ति पर्व पर हरि के द्वार हरिद्वार में तीर्थ दर्शन व तीर्थ स्नान करेंगी। भगवती चामुण्डा की दूसरे चरण की दिवारा यात्रा को लेकर, खोन्नू ,जाल तल्ला ,जाल मल्ला , चिलौण्ड व चौमासी के ग्रामीणो मे भारी उत्साह बना हुआ है। जानकारी देते हुए दिवारा यात्रा समिति अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह सत्कारी ने बताया कि भगवती चामुण्डा की दूसरे चरण की दिवारा यात्रा का शुभारंभ कल मंगलवार को जाल मल्ला भण्डार गृह से होगा जिसकी सभी तैयारिया पूरी कर दी गयी है।
संरक्षक कृपाल सिंह राणा, उपाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह तिन्दोरी ने बताया कि दूसरे चरण की दिवारा यात्रा के तहत भगवती चामुण्डा , भगवान केदारनाथ के शीतकालीन गद्दीस्थल ओकारेश्वर मन्दिर, सिद्धपीठ धारी देवी, भागीरथी – अलकनंदा संगम स्थल देवप्रयाग सहित विभिन्न तीर्थ स्थलों का भ्रमण कर 13 जनवरी को हरिद्वार पहुंचेगी तथा 14 जनवरी को मकर संक्रान्ति पर्व पर हरिद्वार में तीर्थ स्नान व तीर्थ दर्शन करेंगी। सचिव कीरत सिंह राणा ने बताया कि भगवती चामुण्डा की समय – समय पर चार चरणों की दिवारा यात्राये सम्पन्न होने के बाद विशाल यज्ञ के बाद भगवती चामुण्डा जगत कल्याण के लिए अपने तप स्थल चौरा नामक सिद्धपीठ मे तपस्यारत होगी। वहीं दूसरी ओर जगत कल्याण के लिए सरस्वती नदी के किनारे सिद्धपीठ कालीमठ में तपस्यारत भगवती काली की दिवारा यात्रा भी इन दिनों कालीमठ घाटी के सीमान्त गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों की कुशलक्षेम पूछकर आशीर्वाद दे रही है तथा ग्रामीणों द्वारा पुष्प वर्षा कर भगवती काली की दिवारा यात्रा का भव्य स्वागत किया जा रहा है।
दिवारा यात्रा समिति अध्यक्ष लखपत सिंह राणा ने बताया कि इन दिनों भगवती काली की दिवारा यात्रा कालीमठ घाटी के सीमान्त गांवों का भ्रमण कर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दे रही है तथा हर गांव में ग्रामीणों द्वारा दिवारा यात्रा का भव्य स्वागत किया जा रहा है। मंत्री सुरेशानन्द गौड़ ने बताया कि 15 वर्षों बाद भगवती काली की दिवारा यात्रा का आयोजन होने से ग्रामीणों में भारी उत्साह बना हुआ है। कालीमठ मन्दिर प्रबन्धक प्रकाश पुरोहित ने बताया कि दिवारा यात्रा के दौरान भगवती काली विभिन्न तीर्थ स्थलों व गांवों का भ्रमण कर श्रद्धालुओ को आशीर्वाद देगी।
