ऊखीमठ : आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी 

Team PahadRaftar

आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी 

लक्ष्मण नेगी 

ऊखीमठ : जनपद रुद्रप्रयाग में हाल ही में हुई अतिवृष्टि एवं भूस्खलन से प्रभावित ग्राम पंचायतों में जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर संचालित किए जा रहे हैं।

ग्राम पंचायत तालजामण

प्राथमिक विद्यालय तालजामण में बनाए गए राहत शिविर में प्रभावित परिवारों के लिए भोजन एवं पेयजल की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है। ग्राम में विद्युत आपूर्ति कल से ही बहाल कर दी गई थीं, किंतु कुछ घरों में अभी भी विद्युत बाधित है। संबंधित विभाग को इसकी सूचना देकर समाधान की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। प्रभावित परिवारों की प्रत्येक समस्या का समाधान संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर प्राथमिकता से किया जा रहा है।

मृत पशुओं का गड्ढा खुदान कर वैज्ञानिक तरीके से दफन किया जा रहा है, ताकि संक्रमण की संभावना को रोका जा सके। राहत शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार शिविर लगाया गया है। चिकित्सक दल द्वारा प्रभावित ग्रामीणों की जांच कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।

ग्राम पंचायत स्यूर बांगर

प्रभावित क्षेत्र में चारे के ब्लॉकों का वितरण किया गया है।

विद्युत आपूर्ति पूर्ण रूप से बहाल हो चुकी है। पेयजल आपूर्ति भी आज शाम तक अस्थायी पाइपलाइन के माध्यम से बहाल कर दी जाएगी।

ग्राम पंचायत चिलौंड

यहां एक गौशाला में मलबा आने से पशु प्रभावित होने की सूचना प्राप्त हुई।

सूचना प्राप्त होते ही पशुचिकित्साधिकारी ऊखीमठ एवं गुप्तकाशी तत्काल प्रभावित क्षेत्र हेतु रवाना हो गए हैं और मौके पर आवश्यक पशु-चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

राहत एवं बचाव दलों की तैनाती

तहसील ऊखीमठ से डीडीआरएफ की टीम प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए भेजी गई है।

जिलाधिकारी प्रतीक जैन के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित राहत कार्य सुनिश्चित किए जा रहे हैं। ग्रामीणों को आश्वस्त किया गया है कि उनकी सभी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा और किसी भी आवश्यक सहायता में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।

Next Post

चमोली : विद्या मंदिर राइंका ज्योर्तिमठ के टीटी खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर के लिए बनाई जगह

संजय कुंवर  चमोली : विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित क्षेत्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता आनंद स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज सीनियर सेकेंडरी स्कूल रुड़की में 28 अगस्त से 31 अगस्त 2025 तक आयोजित की गई। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ज्योर्तिमठ के अंदर 14 […]

You May Like