
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ। बृहस्पतिवार को सम्पन्न होने वाले प्रथम चरण के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को निष्पक्ष व शान्तिपूर्ण तरीके से सम्पादित करने के लिए 73 पोलिंग पार्टियां रवाना होकर अपने गंतव्यों को सकुशल पहुंच गयी है। पांच पोलिंग पार्टियां मंगलवार को अपने पोलिंग बूथों पर पहुंच चुकी थी। पोलिंग पार्टियों के रवाना होने पर विकासखंड मुख्यालय पर जाम की तिथि बनी रही।

कल होने वाले प्रथम चरण के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को निष्पक्ष व शान्तिपूर्ण तरीके से सम्पादित करने के लिए विकासखंड ऊखीमठ को गुप्तकाशी व ऊखीमठ जोन के अलावा सारी, परकण्डी, मनसूना , कालीमठ, गुप्तकाशी , त्रियुगीनारायण ,ल्वारा सहित नौ सेक्टरों में बांटा गया है तथा 78 पोलिंग बूथों पर 390 मतदान कर्मियो व 92 सुरक्षा कर्मियो को तैनात किया गया है तथा 8 पोलिंग पार्टियों को रिजर्व मे रखा गया है। पूरे विकासखंड मे 25 संवेदनशील तथा रूद्रपुर, परकण्डी व गौरीकुंड पोलिंग बूथों को अतिसंवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है। पूरे विकासखंड 17381 पुरूष व 17885 महिला सहित 35266 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे तथा पूरे विकासखंड में पुरूष मतदाताओं से 306 महिला मतदाता अधिक है जबकि सबसे अधिक 1472 मतदाता ग्राम पंचायत परकण्डी तथा सबसे कम 145 मतदाता ग्राम पंचायत तोषी मे अपने मताधिकार का प्रयोग करेगे । विकासखंड के अन्तर्गत आज भी गौण्डार, चिलौण्ड, स्यासू व तोषी पोलिंग बूथों के लिए पोलिंग पार्टियों को पैदल सफर तय करना पड़ता है तथा इन गांवो मे आज भी संचार सुविधा का अभाव बना हुआ है । विकासखंड की 66 ग्राम पंचायतों मे से 12 ग्राम पंचायत के प्रधान पूर्व मे निर्विरोध निर्वाचित हो चुके है जबकि 54 ग्राम पंचायतों में 136 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। क्षेत्र पंचायत के 35 वार्डो मे से नौ वार्डो पर क्षेत्र पंचायत सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हो चुके है तथा 26 वार्डों पर 66 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं । जिला पंचायत के परकण्डी वार्ड पर तीन ,कालीमठ वार्ड पर तीन, ल्वारा वार्ड पर पांच तथा त्रियुगीनारायण वार्ड पर 10 सहित चारों वार्डो पर 21 प्रत्याशियो के बीच घमासान मचा हुआ है । ग्राम पंचायत शेरसी के वार्ड 2 ,6 व 7 तथा ग्राम पंचायत त्रियुगीनारायण के वार्ड 8 पर भी प्रत्याशी आमने-सामने हैं ।

