ऊखीमठ : बारिश व भूस्खलन से क्षतिग्रस्त मोटर मार्ग पर हथेली पर बनी जान

Team PahadRaftar

लक्ष्मण नेगी 

ऊखीमठ : त्रियुगीनारायण – तोषी पैदल मार्ग बारिश के कारण जगह- जगह क्षतिग्रस्त होने तथा राज्य योजना के अन्तर्गत निर्माणाधीन त्रियुगीनारायण- तोषी मोटर मार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन का मलवा आने तोषी गांव के ग्रामीणों का जनजीवन खासा प्रभावित हो गया है तथा राहगीरों को जान हथेली पर रखकर आवाजाही करनी पड रही है।

जीआईसी त्रियुगीनारायण मे अध्यनरत तोषी गांव के नौनिहालों का पठन- पाठन भी खासा प्रभावित हो गया है तथा ग्रामीण व नौनिहाल सोन नदी पर ग्रामीणों द्वारा विगत वर्ष लगाई गये लकड़ी के खम्भे से आवाजाही करने के लिए विवश बने हुए है। आने वाले समय में यदि सोन नदी के जल स्तर में वृद्धि होती है तथा सोन नदी पर लगाया गया लकड़ी का खम्भा सोन नदी की तेज धाराओं में समा जाता है तो तोषी के ग्रामीणों का सम्पर्क त्रियुगीनारायण व सोनप्रयाग से कट सकता है तथा बरसात के समय तोषी गांव में खाद्यान्न संकट गहराने के साथ रोजमर्रा की वस्तुओ का संकट पैदा हो सकता है। आगामी 22 जुलाई से पूर्व यदि क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग की मरम्मत तथा निर्माणाधीन मोटर मार्ग से भूस्खलन का मलवा नही गया तो 24 जुलाई को सम्पन्न होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की पोलिंग पार्टी को भी तोषी गांव पहुंचने के लिए भारी मुश्किलों का सामना सामना करना पड सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि एक तरफ शासन – प्रशासन सीमांत गांवों को प्रथम गांव मे रखने का ढिंढोरा पीट रहा है दूसरी तरफ तोषी गांव की सुध लेने वाला कोई नही है।

बता दें कि केदार घाटी के सीमांत क्षेत्रों में विगत एक माह से मूसलाधार बारिश जारी है। मूसलाधार बारिश के कारण त्रियुगीनारायण – तोषी पैदल मार्ग भूस्खलन आने के कारण जगह- जगह क्षतिग्रस्त हो गया है। राज्य योजना के अन्तर्गत निर्माणाधीन त्रियुगीनारायण- तोषी मोटर मार्ग पर भी सफर करना जानलेवा बना हुआ है फिर भी ग्रामीण निर्माणाधीन मोटर मार्ग से आवागमन करने के लिए विवश बने हुए है । निर्माणाधीन त्रियुगीनारायण- तोषी मोटर मार्ग पर सोन नदी मे बनने वाले पुल की डी पी आर शासन की फाइलों में कैद रहने से ग्रामीण सोन पर पर लकड़ी के सहारे जान हथेली पर रखकर आवाजाही करने को विवश बने हुए है। सामाजिक कार्यकर्ता नितिन जमलोकी ने बताया कि पैदल व निर्माणाधीन मोटर मार्ग पर जगह – जगह मलवा आने से दोनों मार्गो पर आवाजाही करना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। ग्रामीण गीताराम सेमवाल ने बताया कि शासन – प्रशासन व सम्बन्धित विभाग के अधिकारियो को बार – बार अवगत कराने के बाद भी पैदल व निर्माणाधीन मोटर मार्ग की हालत भूस्खलन व मलवा आने से जर्जर बनी हुई है तथा ग्रामीणों व जी आई सी त्रियुगीनारायण में अध्यनरत नौनिहालों को जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ रही है।

Next Post

ज्योतिर्मठ : लोकपर्व हरेला पर विद्या मंदिर के छात्रों ने किया वृक्षारोपण

संजय कुंवर  ज्योर्तिमठ : लोकपर्व हरेला पर विद्या मंदिर के छात्रों ने एक छात्र एक पौधा अभियान के तहत किया डांडो में किया वृक्षारोपण। विद्या भारती पर्यावरण सरंक्षण योजना के अन्तर्गत विशेष कार्यक्रम “हरेला सप्ताह” 15 जुलाई से 20 जुलाई 2025 तक के विविध कार्यक्रम के तहत् द्वितीय दिवस पर […]

You May Like