
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : आगामी 24 जुलाई को सम्पन्न होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के नामांकन प्रक्रिया विधिवत शुरू हो गयी है। नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन नामांकन करने वालों तथा नामांकन प्रपत्र खरीदने वालों का तांता लगा रहा तथा ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे विकासखंड मे 846 वार्ड सदस्यों , 66 ग्राम पंचायत प्रधानों , 35 क्षेत्र पंचायत सदस्यों तथा चार जिला पंचायत के वार्डों पर चुनाव प्रक्रिया गतिमान है। नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही चुनावी सरगर्मियां तेज हो गयी हैं तथा मुख्य बाजारों से लेकर गांव की चौपाल तक चुनाव की चर्चाएं शुरू हो गयी हैं। क्षेत्र पंचायत प्रमुख का पद सामान्य होने तथा प्रमुख पद पर दावेदारी करने वालो की क्षेत्र पंचायत सदस्य की सीट आरक्षित होने से प्रमुख पद पर आसीन होने वाले लोगो के अरमान धरे के धरे रह गये हैं फिर भी प्रमुख पद पर आसीन होने के लिए अभी से विरासत बिछने शुरू हो गयी है तथा सत्ताधारी भाजपा व विपक्ष की भूमिका निभा रही कांग्रेस के लिए प्रमुख की सीट प्रतिष्ठा का सवाल बनी हुई है। जिला पंचायत के चारो वार्डों पर भी घमासान मचने की पूर्ण सम्भावना बनी हुई है। राष्ट्रीय दलों ने भले ही जिला पंचायत के चारो वार्डों पर प्रत्याशियों को अधिकृत में विलम्ब किया हो मगर राष्ट्रीय दलों से अधिकृत होने के लिए गुणा भाग का खेल शुरू हो गया है। जिला पंचायत के परकण्डी वार्ड को इस बार भी सामान्य महिला के लिए आरक्षित रखा गया है इसलिए इस वार्ड से निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य रीना बिष्ट, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मीना पुण्डीर , प्रीति पुष्वाण, सोनिया नेगी, शशि सेमवाल व विजय लक्ष्मी त्रिवेदी की दावेदारी प्रमुख मानी जा रही है जबकि प्रीति पुष्वाण ने अपना चुनावी बिगुल बजाकर चुनावी प्रचार शुरू कर दिया है । जिला पंचायत के कालीमठ वार्ड को भी सामान्य महिला के लिए आरक्षित रखा गया है इसलिए इस वार्ड पर निवर्तमान क्षेत्र पंचायत सदस्य कोटमा सोमेश्वरी भट्ट, पूर्व जिला पंचायत सदस्य संगीता नेगी व सरोज राणा, निवर्तमान प्रधान पाली सरूणा प्रेमलता पन्त की दावेदारी प्रमुख मानी जा रही है। जिला पंचायत के त्रियुगीनारायण वार्ड अनारक्षित होने के कारण इस वार्ड पर सबसे अधिक घमासान मचने की सम्भावना बनी हुई है क्योंकि इस वार्ड पर एक दर्जन से अधिक केदार घाटी के हस्तियों की दावेदारी सामने आ रही है तथा त्रियुगीनारायण वार्ड पर चुनाव रोचक बनता जा रहा है। जिला पंचायत के ल्वारा वार्ड पर निवर्तमान जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुमंत तिवारी , सुबोध बगवाडी तथा निवर्तमान कनिष्ठ प्रमुख शैलेन्द्र कोटवाल सहित अन्य के बीच सीधे मुकाबला होने के आसार बने हुए है। जिला पंचायत के चारो वार्डो पर कितने प्रत्याशी चुनावी समर मे रहते है यह तो नाम वापसी के बाद ही स्पष्ट हो पायेगा मगर चारो वार्डों पर जीत दर्ज करने के लिए प्रत्याशियो ने मतदाताओं को रिझाने का काम शुरू कर दिया है।

