
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ के शीतकालीन गद्दी स्थल मक्कूमठ में विराजमान भगवती नन्दा इन दिनों तुंगनाथ घाटी के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों की कुशलक्षेम पूछ कर ग्रामीणों को आशीर्वाद दे रही है तथा ग्रामीणों द्वारा भगवती नन्दा के आगमन पर अनेक प्रकार के पकवान अर्पित कर तथा बगडवाल नृत्य का आयोजन कर क्षेत्र के खुशहाली व विश्व समृद्धि की कामना की जा रही है।
भगवती नन्दा के आगमन से तुंगनाथ घाटी का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है तथा ग्रामीणों द्वारा भगवती नन्दा का भव्य स्वागत पुष्प वर्षा से किया जा रहा है तथा महिलाओं द्वारा भगवती नन्दा की विदाई भावुक क्षणों के साथ की जा रहीं हैं। भगवती नन्दा जिस गाँव में पर्दापण कर रही है उस गाँव में महिलाओं द्वारा पौराणिक जागरों के माध्यम से भगवती नन्दा की महिमा का गुणगान किया जा रहा है! भगवान तुंगनाथ के शीतकालीन गद्दी स्थल मक्कूमठ में विराजमान भगवती नन्दा प्रतिवर्ष शारदीय नवरात्रों के नवमी के दिन मक्कूमठ से काण्डा गाँव पहुंचती है तथा विभिन्न गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों को आशीर्वाद देती है। भगवती नन्दा के आगमन पर ग्रामीणों द्वारा अनेक धार्मिक , आध्यात्मिक,सांस्कृतिक, पौराणिक परम्पराओं का निर्वहन किया जाता है। इसी परम्परा के अनुसार बुधवार को भगवती नन्दा मक्कूमठ से रवाना होकर प्रथम रात्रि प्रवास के लिए देर सांय कान्डा गाँव पहुंची गयी है तथा गुरूवार को ग्रामीणों द्वारा भावुक क्षणों के साथ विदा किया तथा भगवती नन्दा के हूण्डू गांव के लिए विदा हुई । भगवती नन्दा के हूण्डू गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया तथा बगडवाल नृत्य का आयोजन कर भगवती नन्दा को अनेक प्रकार के भोग अर्पित कर मनौती मांगी। शुक्रवार देर सांय भगवती नन्दा हूण्डू गांव से विदा होकर रात्रि प्रवास के लिए उषाडा गाँव पहुंचेगी।
जानकारी देते हुए सामाजिक कार्यकर्ता महिपाल बजवाल ने बताया कि 4 अक्टूबर को भगवती नन्दा दैडा़, 5 को पर्यटक गाँव सारी पहुंचेगी तथा 6 अक्टूबर को सारी गाँव में विश्राम करेगी तथा 7 अक्टूबर को भगवती नन्दा भावुक क्षणों के साथ सारी गाँव से विदा होगी तथा अपने तपस्थली मक्कूमठ पहुंचने पर जगत कल्याण के लिए तपस्यारत होगी। सामाजिक कार्यकर्ता हरेन्द्र नेगी ने बताया कि भगवती नन्दा के आगमन से क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। जिला पंचायत सदस्य परकण्डी प्रीति पुष्वाण ने बताया कि भगवती नन्दा प्रति वर्ष विभिन्न गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों को आशीर्वाद देती है तथा भगवती नन्दा का ग्रामीणों द्वारा भव्य स्वागत किया जा रहा है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य रीना बिष्ट ने बताया कि शारदीय नवरात्रों में भगवती नन्दा आगमन की परम्परा युगों पूर्व की है। पूर्व प्रधान विजयपाल नेगी ने बताया कि जो मनुष्य भगवती नन्दा को अपने श्रद्धा सुमन अर्पित करता है उसे मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। प्रधान प्रतिपाल बजवाल , पूर्व प्रधान प्रदीप बजवाल ने बताया कि भगवती नन्दा की विदाई का क्षण भावुक होता है। तथा भगवती नन्दा के क्षेत्र आगमन से सभी के घरों में रिद्धि – सिद्धि बनी रहती है।
