ऊखीमठ : भगवान मद्महेश्वर की डोली अपने अंतिम पड़ाव गौण्डार गांव पहुंची, कल खुलेंगे कपाट

Team PahadRaftar

लक्ष्मण नेगी 

ऊखीमठ : द्वितीय केदार भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली सैकड़ों भक्तों की जयकारों , महिलाओं के धार्मिक मांगलों व स्थानीय वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों के साथ अन्तिम रात्रि प्रवास के लिए गौण्डार गाँव पहुंच गयी है।

बुधवार को भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली ब्रह्म बेला पर गौण्डार गाँव से प्रस्थान करेगी तथा विभिन्न यात्रा पड़ावों पर भक्तों को आशीर्वाद देते हुए मदमहेश्वर धाम पहुंचेगी तथा भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली के धाम पहुंचने पर भगवान मदमहेश्वर के कपाट वेद ऋचाओं के साथ सैकड़ों श्रद्धालुओ की मौजूदगी में ग्रीष्मकाल के लिए खोल दिये जायेंगे। तीर्थ यात्रियों के मदमहेश्वर घाटी आवागमन से विभिन्न यात्रा पड़ावों पर रौनक लौटने लगी है।

मंगलवार को ब्रह्म बेला मदमहेश्वर धाम के प्रधान पुजारी शिव लिंग ने राकेश्वरी मन्दिर रासी में पंचाग पूजन के तहत भगवान मदमहेश्वर, भगवती राकेश्वरी सहित तैतीस कोटि देवी – देवताओं का आवाह्न कर आरती उतारी तथा ठीक 7: 15 बजे प्रातः भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली राकेश्वरी मन्दिर से गौण्डार गाँव के लिए रवाना हुई तो सैकड़ों भक्तों की जयकारों से सम्पूर्ण भू-भाग गुंजायमान हो उठा। भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली ने राकेश्वरी मन्दिर की तीन परिक्रमा की तथा ग्रामीणों ने भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली पर लाल – पीले वस्त्र अर्पित कर क्षेत्र के खुशहाली की कामना की तथा महिलाओं ने भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली को अकतोली धार तक पौराणिक जागरों के गायन के साथ विदा किया। भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली के गौण्डार गाँव पहुंचने पर ग्रामीणों ने अनेक प्रकार की पूजा सामग्रियों से अर्ध्य लगाकर मनौती मांगी। बुधवार को भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली बनातोली, खटारा नानौ,मैखम्भा, कूनचट्टी यात्रा पड़ावों पर भक्तों को आशीष देते हुए मदमहेश्वर धाम पहुंचेगी तथा डोली के धाम पहुंचने पर भगवान मदमहेश्वर के कपाट शुभ लग्नानुसार वेद ऋचाओं के साथ ग्रीष्मकाल के लिए खोल दिये जायेगें। मन्दिर समिति द्वारा कपाट खोलने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी है। मन्दिर समिति के सुपरवाइजर प्रकाश पुरोहित के नेतृत्व में मन्दिर समिति का एडवांस दल मद्महेश्वर धाम पहुंच गया है। नारायण फ्लावर्स ऋषिकेश , मन्दिर समिति व गौण्डार गाँव के हक – हकूकधारियों के सहयोग से मद्महेश्वर मन्दिर सहित सहायक मन्दिरों को लगभग 6 कुन्तल विभिन्न प्रजाति के फूलों से सजाया गया है। डोली प्रभारी दीपक पंवार ने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों के सैकड़ों श्रद्धालु भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली की अगुवाई कर रहे है तथा मदमहेश्वर यात्रा पड़ावों पर तीर्थ यात्रियों के आवागमन से रौनक लौटने लगी है! इस मौके पर बदरी केदार मन्दिर समिति पूर्व सदस्य शिव सिंह रावत, दिवारा यात्रा प्रभारी देवेन्द्र पटवाल, वन पंचायत सरपंच फते सिंह पंवार, भगवती प्रसाद भट्ट, रवीन्द्र भट्ट, शिशुपाल पंवार, सन्तोष कर्पवाण , भरत खुलवे, कलम सिंह पंवार, सुन्दर सिंह पंवार, दलीप रावत ,रणजीत रावत, विनोद बर्त्वाल, नारायण दत्त जुयाल, विलोचना रावत, शिव शरण पंवार, अरूण नौटियाल, विकास, हेमन्त पोखरियाल सहित देश – विदेश के सैकड़ों श्रद्धालु, हक – हकूकधारी व ग्रामीण मौजूद रहे।
Next Post

गौचर : गणित को सरल एवं रोचक तरीके से पढ़ाएं अध्यापक : सारस्वत

गणित को सरल एवं रोचक तरीके से पढ़ाएं अध्यापक : सारस्वत केएस असवाल  गौचर : जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान चमोली ( गौचर) में जिला अकादमिक संदर्भ समूह गणित विषय की दो दिवसीय बैठक प्रारंभ हो गई है। बैठक का उद्देश्य जनपद में बच्चों के समझने और शिक्षकों के सिखाने […]

You May Like