
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : पट्टी तल्लानागपुर के शीर्ष पर विराजमान क्रौच पर्वत पर जगत कल्याण के लिए तपस्यारत देव सेनापति कुमार कार्तिकेय की प्रथम ऐतिहासिक बदरीनाथ यात्रा क्रौच पर्वत तीर्थ से रवाना होकर प्रथम रात्रि प्रवास के लिए चमोली पोखरी के निकटवर्ती गांव सतूड के कार्तिक स्वामी मन्दिर में पहुंच गयी है। भगवान कार्तिक स्वामी की बदरीनाथ यात्रा में सैकड़ों नर – नारी शामिल होकर पुण्य अर्जित कर रहे है तथा विभिन्न हिल स्टेशन व गांवों में भगवान कार्तिक स्वामी की यात्रा का पुष्प अक्षत्रों से भव्य स्वागत किया जा रहा है तथा चन्द्र शिला क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
भगवान कार्तिक स्वामी की बदरीनाथ यात्रा विभिन्न तीर्थ स्थलो का भ्रमण करते हुए तथा अपने भक्तो को आशीर्वाद देते हुए आगामी दो जून को मोक्ष धाम भू-बैकुंठ बदरीनाथ धाम पहुंचेगी तथा चार जून को क्रौच पर्वत तीर्थ पहुंचने पर भगवान कार्तिक स्वामी की यात्रा का समापन होगा। बुधवार को क्रौच पर्वत तीर्थ पर ब्रह्म बेला पर विद्वान आचार्य वासुदेव प्रसाद थपलियाल व सुधीर नौटियाल ने पंचाग पूजन के तहत भगवान कार्तिक स्वामी सहित 33 कोटी देवी – देवताओं का आवाहन किया तथा भगवान कार्तिक स्वामी के प्रतीक चिह्नो सहित अनेक देवी – देवताओं के निशान का विशेष श्रृंगार कर आरती उतारी। भगवान कार्तिक स्वामी नर रूप मे अवतरित हुए तथा बदरीनाथ धाम की यात्रा के निर्विघ्न सम्पन्न होने का आशीर्वाद अपने भक्तों को दिया । ठीक दस बजे भगवान कार्तिक स्वामी की आठ दिवसीय बद्रीनाथ यात्रा क्रौच पर्वत तीर्थ से रवाना हुई तथा स्कन्द नगरी पहुंचने पर पुजारी नन्दू पुरी ने आरती उतारकर यात्रा का स्वागत किया । भगवान कार्तिक स्वामी की बद्रीनाथ यात्रा के कनकचौरी पहुंचने पर वहा पूर्व से मौजूद सैकड़ों श्रद्धालुओ ने पुष्प अक्षत्रों से भव्य स्वागत किया गया। कनकचौरी मे भगवान कार्तिक स्वामी सहित अनेक देवी – देवताओं के निशानों को यात्रा रथ में विराजमान किया गया तथा यात्रा रथ अगले पड़ाव के लिए रवाना हुआ। भगवान कार्तिक स्वामी की यात्रा के मोहनखाल, पोखरी सहित विभिन्न हिल स्टेशनों व गांवों पहुंचने पर श्रद्धालुओ और ग्रामीणों द्वारा पुष्प अक्षत्रों से भव्य स्वागत किया गया । जानकारी देते हुए कार्तिकेय मन्दिर समिति अध्यक्ष बिक्रम सिंह नेगी ने बताया कि भगवान कार्तिक स्वामी की ऐतिहासिक बद्रीनाथ यात्रा के आयोजन से भक्तो मे भारी उत्साह बना हुआ है तथा सैकड़ो श्रद्धालु शामिल होकर विश्व समृद्धि व जगत कल्याण की कामना कर रहे है । प्रबन्धक पूर्ण सिंह नेगी ने बताया कि क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है तथा हर गांव के ग्रामीण उत्साह व उमंग से भगवान कार्तिक स्वामी की यात्रा मे शामिल हो रहे है। इस मौके पर कोषाध्यक्ष चन्द्र सिंह नेगी ,सचिव बलराम सिंह नेगी ,सह प्रबन्धक रमेश नेगी , उपाध्यक्ष उत्तमराज नेगी , निवर्तमान क्षेत्र पंचायत सदस्य अर्जन सिंह नेगी , विजय सिंह नेगी , उमा देवी ,पुष्पा देवी ,सुरजी देवी, दिनेश सिंह नेगी ,रेखा देवी, यशपाल सिंह रावत, बृजमोहन सिंह नेगी सहित पोखरी क्षेत्र के विभिन्न गांवो के जनप्रतिनिधि , व्यापारी व ग्रामीण मौजूद है ।

