ऊखीमठ : निर्दलीय प्रत्याशी पंकज शुक्ला बने प्रमुख

Team PahadRaftar

लक्ष्मण नेगी 

ऊखीमठ : क्षेत्र पंचायत प्रमुख पद पर निर्दलीय प्रत्याशी पंकज शुक्ला ने बाजी मारी, उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा अधिकृत प्रत्याशी गजेन्द्र चौधरी को एक मत से पराजित किया है जबकि ज्येष्ठ प्रमुख पद पर राकेश नेगी ने जीत दर्ज की है उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सुमन देवी को पांच मतों से पराजित किया है तथा कनिष्ठ प्रमुख पद पर प्रदीप त्रिवेद्वी ने जीत हासिल की है उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी योगिता रावत को एक मत से पराजित किया है। प्रमुख पद पर जीत दर्ज करने के बाद पंकज शुक्ला समर्थकों ने राज्य आन्दोलनकारी अमर शहीद अशोक कैशिव के शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर उन्हे श्रद्धांजलि अर्पित की तथा ऊखीमठ व गुप्तकाशी मे विजय जुलूस निकलकर जनता का आभार व्यक्त किया । नवनिर्वाचित क्षेत्र पंचायत प्रमुख पंकज शुक्ला का जनप्रतिनिधियों , व्यापारियों ,हजारो समर्थको व ग्रामीणों ने फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया। मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्र पंचायत प्रमुख पद पर निर्दलीय प्रत्याशी पंकज शुक्ला ने 18 मत हासिल किये जबकी भाजपा अधिकृत प्रत्याशी गजेन्द्र चौधरी को 17 मतों पर ही सन्तोष होना पड़ा तथा निर्दलीय प्रत्याशी पंकज शुक्ला ने एक मत से जीत हासिल की। क्षेत्र पंचायत ज्येष्ठ प्रमुख पद पर राकेश नेगी ने 20 मत हासिल किये जबकि सुमन देवी को 15 मतों पर सन्तोष होना पड़ा तथा राकेश नेगी ने पांच मतों से जीत दर्ज की। क्षेत्र पंचायत कनिष्ठ प्रमुख पद पर प्रदीप त्रिवेदी ने 18 मत हासिल किये जबकि योगिता रावत को 17 मत मिले जिससे प्रदीप त्रिवेदी ने एक मत से जीत हासिल की। नवनिर्वाचित क्षेत्र पंचायत प्रमुख पंकज शुक्ला ने सभी जनप्रतिनिधियों व जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस आशा व उम्मीदों के साथ जनता ने उन पर भरोसा कर क्षेत्र पंचायत प्रमुख पद पर आसीन होने का आशीर्वाद दिया उसी प्रकार विकासखंड ऊखीमठ के चहुंमुखी विकास के लिए जनभावनाओं के अनुरूप कार्य किया जायेगा।

इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण, पूर्व अध्यक्ष रीता पुष्वाण, केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी , कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ प्रदेश महामंत्री आनन्द सिंह रावत, गुरिल्ला संगठन जिलाध्यक्ष बसन्ती रावत, निवर्तमान कनिष्ठ प्रमुख शैलेन्द्र कोटवाल, निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य विनोद राणा , गणेश तिवारी , मनीष बगवाड़ी ,सुभाष अथवाल सहित विभिन्न क्षेत्रो के जनप्रतिनिधि व ग्रामीण मौजूद थे । वहीं दूसरी ओर दोपहर लगभग 12 बजे मतदान केंद्र का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रकाशित होने पर नवनिर्वाचित क्षेत्र पंचायत प्रमुख पंकज शुक्ला के समर्थकों ने ब्लॉक मुख्यालय के बाहर शासन – प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर अपने गुस्से का इजहार किया। समर्थकों का कहना था कि प्रदेश सरकार की सह पर प्रशासन चुनाव की गोपनीयता भंग कर रहा है जो कि सरासर गलत है।

Next Post

गैरसैंण : मंत्री धन सिंह रावत ने ग्रीष्मकालीन राजधानी में किया ध्वजारोहण

प्रभारी मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने भराड़ीसैंण में किया ध्वजारोहण देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हुआ आयोजन गैरसैंण : स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर आज उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं चमोली जिले के प्रभारी मंत्री माननीय डॉ. धन सिंह रावत ने ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा […]

You May Like