लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : स्वास्थ्य सेवा पखवाड़े के अन्तर्गत स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में चल रहे स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ में आयोजित विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर में 360 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। स्वास्थ्य शिविर में दूर – दराज के ग्रामीण भी शिविर का लाभ लेने पहुंचे तथा दोपहर तक भारी भीड़ देखने को मिली।

पीएचसी ऊखीमठ परिसर में आयोजित विशेषज्ञ शिविर के शुभारंभ पर मुख्य अतिथि के रूप में सीमांत क्षेत्र अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष चंडी प्रसाद भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से संचालित स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान जन स्वास्थ्य को लेकर चलाया गया अब तक का सबसे बड़ा अभियान है। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य को प्रधानमंत्री की चिंता का नतीजा है कि अभियान के तहत देशभर में आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला चिकित्सालयों में स्वास्थ्य शिविरों के साथ-साथ विशेषज्ञ शिविरों का का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने इन शिविरों में प्रतिभाग कर अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी ने कहा कि इस प्रकार के शिविर मे हर वर्ग के लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा मिल रही है । सभासद प्रदीप धर्म्वाण ने कहा कि नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण के मार्गदर्शन मे 18 लाख रूपये की लागत से स्वास्थ्य केन्द्र लिंक मोटर मार्ग का निर्माण कार्य गतिमान है । अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. सीमा टेकचंदानी ने कहा कि 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन से 2 अक्टूबर गांधी जयन्ती तक स्वास्थ्य शिविरो का आयोजन किया जा रहा है । प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डाॅ. गोपाल सजवाण ने बताया कि स्वास्थ्य शिविर मे 100 मेडीशियन, 50 सर्जरी , 50 स्त्री रोग , 40 नौनिहालों , 20 ई एन टी , 60 हड्डी रोग , 10 मानसिक सहित 360 लोगो का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
इस मौके पर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष विजय राणा , राज्य महिला आयोग सदस्य दर्शनी पंवार, पूर्व प्रधान जगदीश लाल, हेमलता नौटियाल, रेखा रावत, योगेन्द्र नेगी , डा0 रेणु शाह , डाॅ. मोनिका सजवाण, डाॅ. मनीष रावत, बीपीएम अमित मैठाणी, ब्लाक लेखा प्रबंधक अमित नौडियाल , हेमा देवी , अंजना देवी , दुर्गा देवी , सीमा देवी , अभ्युदय जमलोकी , राहुल नेगी आदि मौजूद रहे। शिविर का संचालन डाॅ. आशीष थपलियाल ने किया।

