
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : वित्तीय वर्ष 2017 में जिला योजना के अन्तर्गत स्वीकृत पिलौजी – गिरीया 3 किमी मोटर मार्ग का निर्माण कार्य अधर में लटकने से ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के खिलाफ आर – पार की लड़ाई का मन बना लिखा है।

विगत नौ वर्षो में मात्र 450 मोटर मार्ग का निर्माण कार्य होने से गिराया गांव को जोड़ने वाले अधिकांश पैदल सम्पर्क मार्गों के क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को जान हथेली पर रखकर आवाजाही करनी पड़ रही है । मोटर मार्ग पर 450 मोटर के अन्तर्गत बनी सुरक्षा दीवालों के धड़ाम होने से विभागीय कार्य प्रणाली सवालों के घेरे मे आ गयी है ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते मोटर मार्ग का शेष कार्य शुरू नही किया गया तो ग्रामीणों को लोक निर्माण विभाग व तहसील मुख्यालय पर आन्दोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। विदित हो कि 152 परिवारों व लगभग 964 जनसंख्या वाले गिरीया गांव को यातायात से जोड़ने के लिए वित्तीय वर्ष 2017 में जिला योजना के अन्तर्गत 3 किमी पिलौजी – गिरीया मोटर मार्ग की स्वीकृति मिली थी। मोटर मार्ग की स्वीकृति मिलते ही लोक निर्माण विभाग द्वारा 200 मीटर मोटर मार्ग का निर्माण कार्य शुरू किया गया था। मोटर मार्ग की 200 मीटर कटिंग होने के बाद लोक निर्माण विभाग फिर मौन रहा तो ग्रामीणों की मांग पर वित्तीय वर्ष 2022 मे फिर मोटर मार्ग पर 200 मीटर अतिरिक्त मोटर मार्ग की कटिंग शुरू तो हुई मगर मोटर मार्ग के निचले बने पुश्ते पहली ही बरसात मे धड़ाम हो गये । विभाग द्वारा वर्ष 2023 में 500 मीटर की कटिंग का कार्य शुरू तो किया गया मगर कठोर चट्टान होने के कारण मोटर मार्ग पर कटिंग कार्य अधूरे में छोड़ा गया । ग्रामीण हुक्म सिंह रावत, महावीर सिंह रावत, कुवर सिंह नेगी ने बताया कि अधूरे कार्य को पूर्ण करने के लिए लोक निर्माण विभाग मंत्री सतपाल महाराज, जिलाधिकारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियो से गुहार लगाई गई है मगर आज तक मोटर मार्ग का अधूरा कार्य शुरू नही हो पाया है। ग्रामीण बलबीर रावत, जगदीश बर्त्वाल का कहना है कि शासन – प्रशासन व लोक निर्माण विभाग की अनदेखी के कारण मोटर मार्ग का निर्माण कार्य अधर मे लटका हुआ है । ग्रामीण सुनीता देवी , राजमा देवी, विशाम्बरी देवी ने बताया कि 450 मीटर मोटर मार्ग निर्माण से विभिन्न गांवों को जोड़ने वाले 9 पैदल सम्पर्क मार्ग क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को जान जोखिम मे डालकर आवाजाही करनी पड़ रही है । ग्रामीण संगीता देवी, लक्ष्मी देवी, जगत सिंह रावत, सरिता देवी, विनीता देवी, शाखा देवी , राधा देवी का कहना है कि यदि अधूरे मोटर मार्ग का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू नही किया गया तो ग्रामीणों को लोक निर्माण विभाग कार्यालय तथा तहसील मुख्यालय पर आन्दोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग व शासन – प्रशासन की होगी। वहीं लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियन्ता का कहना है कि दो सौ मीटर कठोर चट्टान होने के कारण कोई कार्यदाही संस्था तैयार नही हो रही है तथा शीघ्र मोटर मार्ग के अधूरे कार्य को शुरू करने की पहल की जायेगी।

