लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : जिला पंचायत सदस्य परकण्डी प्रीती पुष्वाण ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी को 14 सूत्रीय ज्ञापन भेजकर क्षेत्र में फैली समस्याओं के निराकरण की मांग। उनका कहना है कि विगत दिनों तुंगनाथ घाटी में मूसलाधार बारिश होने से कई मोटर क्षतिग्रस्त हो चुके हैं तथा आकाशकामिनी नदी के कटाव से कई गांवों व तोकों को खतरा बना हुआ है।

उपजिलाधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी को भेजे ज्ञापन का हवाला देते हुए जिला पंचायत सदस्य परकण्डी प्रीति पुष्वाण ने बताया कि पीएमजीएसवाई के डुगर – सेमला- पल्द्वाणी मोटर मार्ग पर पिल्खडी में तीन स्थानों पर भूस्खलन से मोटर क्षतिग्रस्त हो चुका है जनहित मे क्षतिग्रस्त मोटर मार्ग का ट्रीटमेंट व सुरक्षा दिवालों का निर्माण कार्य नितांत आवश्यक है।
बताया कि त्यूग बैण्ड- नेहरा – कुनालिया- पिल्खडी मोटर मार्ग का डामरीकरण व विस्तारीकरण होने से स्थानीय जनता के साथ तुंगनाथ घाटी के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को तहसील व विकासखंड मुख्यालय आवाजाही करने मे सुविधा मिलेगी तथा ताला ‘ दुर्गाधार- पावजगपुडा मोटर मार्ग का भी डामरीकरण किया जाना अति आवश्यक क्योंकि मोटर मार्ग का डामरीकरण उखड़ने से मोटर मार्ग जानलेवा बना हुआ है। ग्राम पंचायत मक्कू के राजस्व ग्राम ग्वाड दिलणा में भूस्खलन वाले स्थानों पर चैकडैमों के निर्माण न होने से कई मकानो को खतरा बना हुआ है इसलिए आपदा प्रभावित क्षेत्रों मे शीघ्र चैकडैमो का निर्माण किया जाय। कुण्ड – चोपता नेशनल हाइवे पर ताला तोक में हाइवे का सही तरीके से ट्रीटमेंट किया जाय जिससे स्थानीय जनता के साथ तुंगनाथ घाटी में आवाजाही करने वाले तीर्थ यात्रियों व पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानियों का सामना न करना पड़े। बताया कि आकाशकामिनी नदी के कटाव से ताला तोक व सेमला गांव के निचले हिस्से में लगातार भूस्खलन जारी है इसलिए भूस्खलन रोकने के लिए सुरक्षा दिवालों का निर्माण किया जाय।
ज्ञापन में क्षेत्र पंचायत सदस्य सुरेशानन्द तंगवाण,दिनेश बजवाल, प्रमिला देवी , मीनाक्षी देवी ,प्रधान मनवर सिंह नेगी , प्रतीपाल बजवाल,सुनीता बिष्ट , नीमा देवी , गुलाब सिंह राणा , शिशुपाल सिंह रावत , प्रेम सिंह नेगी , पंच केदार होटल एसोसिएशन होम स्टे अध्यक्ष डा0 कैलाश पुष्वाण के हस्ताक्षर मौजूद रहे।

