
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : आगामी दो मई से शुरू होने वाली केदारनाथ यात्रा को सुव्यवस्थित तरीके से संचालित करने तथा देश – विदेश से केदारनाथ धाम पहुंचने वाले तीर्थ यात्रियों को बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए केदार घाटी श्रद्धालु सेवा समिति ने जिला व तहसील प्रशासन की अनुमति पर गौरीकुंड – केदारनाथ पैदल मार्ग पर यात्रा के दौरान कच्ची दुकानों का संचालन करने वाले 398 व्यापारियों को अनुमति प्रदान कर दी है तथा 27 कच्ची दुकानों को संचालन करने वाले व्यापारियों को अनुमति प्रदान की जा रही है।
जिला प्रशासन के माध्यम से पैदल मार्ग पर यात्रा सीजन के दौरान संचालित होने वाली दुकानों के अलावा समिति के माध्यम से अतिरिक्त कच्ची दुकानों के संचालन के लिए अनुमति मिलने पर समिति के पदाधिकारियों व कच्ची दुकान संचालकों ने मुख्यमंत्री ,जनपद प्रभारी मंत्री ,केदारनाथ विधायक, जिला व तहसील प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। विदित हो कि आगामी यात्रा सीजन मे गौरीकुंड – केदारनाथ पैदल मार्ग पर यात्रा कार के दौरान कच्ची दुकानों का संचालन करने के लिए विगत दिनो जिला प्रशासन ने 800 कच्ची दुकानों के लिए निविदा आमन्त्रित की थी मगर जिला प्रशासन को 687 आवेदन प्राप्त हुए थे । जिला प्रशासन को 687 आवेदन प्राप्त होने के बाद सैकड़ो आपदा प्रभावित व्यापारी आवेदन करने से वंचित रह गये थे । केदार घाटी श्रद्धालु सेवा समिति ने जिला प्रशासन से गौरीकुंड – केदारनाथ पैदल मार्ग पर यात्रा काल के दौरान 425 अतिरिक्त लोगो को कच्ची दुकान का संचालन करने के लिए अनुमति प्रदान करनी की गुहार जिला प्रशासन से लगाई थी । जिला प्रशासन से यात्रा काल के दौरान गौरीकुंड – केदारनाथ पैदल मार्ग 425 कच्ची दुकानों के संचालन करने की अनुमति समिति को मिलने के बाद समिति के पदाधिकारियों की मौजूदगी मे 398 कच्ची दुकान संचालकों को अनुमति प्रदान की गयी है । ब्लॉक सभागार मे आयोजित कार्यक्रम मे कच्ची दुकानों की अनुमति प्रदान करते हुए समिति के अध्यक्ष सन्दीप पुष्वाण ने कहा कि समिति के आग्रह पर ही गौरीकुंड – केदारनाथ पैदल मार्ग पर 425 अतिरिक्त कच्ची दुकानों के संचालन की अनुमति जिला प्रशासन से मिली है तथा 398 कच्ची दुकान संचालकों की अनुमति दी गयी है तथा 27 लोगो की अनुमति देने की प्रक्रिया जारी है । उन्होने कच्ची दुकान संचालकों का आवाहन करते हुए कहा कि देश – विदेश से केदारनाथ धाम आने वाले तीर्थ यात्रियों से अतिथि देवो भव: के व्यवहार से तीर्थ यात्री देवभूमि से सुखद सन्देश लेकर जायेगा । गौरीकुंड – केदारनाथ पैदल मार्ग पर 425 अतिरिक्त कच्ची दुकानों के संचालन की अनुमति मिलने पर सुषमा , ग्राम पंचायत कविल्ठा प्रशासक अरविन्द राणा , चौमासी अरविन्द तिन्दोरी ,भाजपा ऊखीमठ मण्डल अध्यक्ष दलवीर नेगी ,दीपक खोयाल, धर्मेन्द्र रावत, प्रह्लाद राणा , गोपाल बर्त्वाल, सुनील भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ,जनपद प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ,केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल व जिला तथा तहसील प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।

