
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : जिला पंचायत के चोपता वार्ड पर घमासान मचा हुआ है। इस वार्ड पर भाजपा अधिकृत प्रत्याशी लक्ष्मण सिंह बर्त्वाल, कांग्रेस अधिकृत प्रत्याशी सूरज नेगी सहित नौ प्रत्याशी चुनाव मैदान में है तथा सभी प्रत्याशियों ने सीट कब्जाने के लिए जी तोड़ मेहनत शुरू कर दी है।
भाजपा अधिकृत प्रत्याशी केन्द्र व प्रदेश सरकार की दर्जनों कल्याणकारी योजनाओ को लेकर जनता के बीच हैं तो अन्य प्रत्याशी तल्लानागपुर के चहुंमुखी विकास को लेकर जनता के बीच है। जिला पंचायत के चोपता वार्ड पर आने वाले दिनों मे कौन प्रत्याशी वोटरों को लुभाने में कितनी मेहनत करता है यह तो भविष्य के गर्भ में है मगर वर्तमान समय में इस वार्ड पर चतुरकोणणीय मुकाबला बना हुआ है जबकि छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष व सबसे युवा प्रत्याशी सम्पन्न नेगी व चोपता व्यापार मण्डल अध्यक्ष योगम्बर कुनियाल किसी भी समीकरण पर पलटवार कर सकते हैं क्योंकि चोपता वार्ड के अधिकांश युवा सम्पन्न नेगी तथा चोपता बाजार के अधिकांश व्यापारी योगम्बर कुनियाल के प्रचार अभियान में जुटकर डोर टू डोर व्यापक प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। जिला पंचायत चोपता वार्ड की बात करे तो वर्ष 2003 मे इस वार्ड से गोकुल लाल टमटा जिला पंचायत के सदस्य पद पर काबिज रहे तथा वर्ष 2008 में विद्योतम गुसाई को इस सीट पर आसीन होने का सौभाग्य मिला जबकि वर्ष 2014 में योगम्बर नेगी तथा वर्ष 2019 मे सुनीता बर्त्वाल इस वार्ड पर सत्तासीन रही। जिला पंचायत सदस्य योगम्बर नेगी का तल्लानागपुर महोत्सव की नींव रखने मे अहम योगदान रहा मगर शेष जिला पंचायत सदस्य जिला योजना के कार्यों के अलावा तल्लानागपुर को कोई बड़ी सौगात नही दे पाये। निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य सुनीता बर्त्वाल के कार्यकाल मे प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा विगत वर्ष 6 अक्टूबर को स्वारी – ग्वास – कार्तिक स्वामी मोटर मार्ग सहित तल्लानागपुर के सर्वांगीण विकास के लिए कई योजनाओ की घोषणा तो की गयी है मगर अभी तक सरकारी घोषणाओं को अमलीजामा पहनाना शेष है। आगामी 24 जुलाई को सम्पन्न होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव मे चोपता वार्ड से भाजपा अधिकृत प्रत्याशी लक्ष्मण सिंह बर्त्वाल, कांग्रेस अधिकृत प्रत्याशी सूरज नेगी , सम्पन्न नेगी , रोहित रावत, भूपेंद्र भण्डारी , मानवेंद्र बर्त्वाल, बलदेव नेगी , योगम्बर कुनियाल व धूम सिंह फर्स्वाण सहित कुल नौ प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं तथा सभी ने सीट को कब्जाने के लिए जी तोड़ मेहनत शुरू कर दी है । जिला पंचायत के चोपता वार्ड पर जनता जनार्दन किस प्रत्याशी के सिर जीत का ताज सुशोभित करती यह तो आगामी 31 जुलाई को स्पष्ट हो पायेगा मगर इस सीट पर काबिज होने वाले जिला पंचायत सदस्य का ताज कांटो भरा रहेगा क्योंकि पर्यटन मानचित्र पर तल्लानागपुर को विशिष्ट पहचान दिलाना, राजकीय पालीटेक्निक के अधूरे भवन का निर्माण कार्य पूरा करना तथा मुख्यमंत्री की घोषणाओं को धरातल पर उतारना चुनौतीपूर्ण रहेगी।

