
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : तहसील मुख्यालय सहित सीमांत क्षेत्रों में लम्बे समय से अघोषित विद्युत कटौती की समस्या बनी हुई है। सम्पूर्ण केदार घाटी सहित आसपास के इलाको में बिजली गुल होना आम बात बनी हुई है।
सीमांत क्षेत्रों में कई घन्टों तक बिजली के गुल होने का खामियाजा सीमांत गांवों के ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। अघोषित विद्युत कटौती से भगवान केदारनाथ के शीतकालीन गद्दी ओंकारेश्वर मन्दिर में शाम – सुबह होने वाले वेदपाठ , नौनिहालों का पठन – पाठन के साथ विद्युत व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों का कामकाज खासा प्रभावित हो रहा है। इन दिनों विकासखंड मुख्यालय में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के नामांकन की प्रक्रिया गतिमान होने के बाद भी अघोषित विद्युत कटौती होने का खामियाजा विभिन्न पदो पर दावेदारी करने वाले प्रत्याशियो को भुगतना पड़ रहा है। सीमांत गांवों के ग्रामीण मीलों दूरी तय कर सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों में अपने निजी कार्य करने के उद्देश्य से तहसील व विकासखंड मुख्यालय तो पहुंचते हैं मगर घन्टों बिजली गुल होने से उन्हे बैरंग लौटना पड़ता है। क्षेत्र में लम्बे समय से अघोषित विद्युत कटौती होने के कारण उपभोक्ताओं में ऊर्जा निगम के खिलाफ खासा आक्रोश बना हुआ है जो कि कभी भी सड़कों पर फूट सकता है। उपभोक्ताओं का कहना है कि ऊर्जा निगम की लापरवाही के कारण क्षेत्र मे लम्बे समय से अघोषित विद्युत कटौती की समस्या बनी हुई है। जानकारी देते हुए कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ प्रदेश महामंत्री आनन्द सिंह रावत ने बताया कि ऊखीमठ सहित आसपास के इलाको मे हर घंटे में विद्युत कटौती होना आम बात हो गयी है। उनका कहना है कि केदारघाटी में 25 मेगावाट की तीन लघु जल विद्युत परियोजनाओं में विद्युत उत्पादन निरन्तर होने के बाद भी विद्युत कटौती होना स्थानीय उपभोक्ताओं के साथ सरासर धोखा होने के साथ ऊर्जा निगम की लापरवाही साफ उजागर होती है। स्थानीय व्यापारी नवदीप नेगी ने बताया कि गर्मियों के सीजन में अघोषित विधुत कटौती होने से व्यापारियों का कारोबार खासा प्रभावित हो रहा है तथा सांय ढलते ही बिजली गुल होना आम बात बनी हुई है। मद्महेश्वर घाटी की सीमांत ग्राम पंचायत रासी निवासी शिव सिंह रावत ने बताया कि सीमांत गांवों में अघोषित विद्युत कटौती की समस्या लम्बे समय से बनी हुई है तथा ऊर्जा निगम के अधिकारियो को बार – बार अवगत कराने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। स्थानीय निवासी राय सिंह धर्म्वाण ने बताया कि भगवान केदारनाथ के शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मन्दिर में वेदपाठ शुरू होते ही बिजली गुल होना महीनो से जारी है । मद्महेश्वर घाटी विकास मंच पूर्व संरक्षक राकेश नेगी ने बताया कि सीमांत गांवों के ग्रामीण सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों में कई मीलों दूरी तय करने के बाद तहसील मुख्यालय पहुंचते है मगर घन्टों बिजली के गुल रहने से ग्रामीणों को बैरंग लौटना पड़ता है। निवर्तमान प्रधान पाली सरूणा प्रेमलता पन्त ने बताया कि एक तरफ बरसात का सीजन दूसरी तरफ अघोषित विधुत कटौती होने से आपदा पीड़ित दोहरी मार झेलने को विवश बना हुआ है।

