
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : विश्व विख्यात पर्यटक स्थल देवरियाताल की तलहटी व प्रकृति की सुरम्य वादियों में बसे पर्यटक गांव सारी में भगवती नन्दा का मेला विधि – विधान , पौराणिक जागरों व बग्डवाल नृत्य के साथ धूमधाम से मनाया गया। पर्यटक गाँव सारी में आयोजित नन्दा मेले में बगडवाल नृत्य मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहा तथा केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल सहित ग्रामीणों व धियाणियों ने भगवती नन्दा की पूजा – अर्चना कर मनौती मांगी तथा विश्व समृद्धि व क्षेत्र के खुशहाली की कामना की।

मंगलवार को भगवती नन्दा सारी गांव से भावुक क्षणों के साथ विदा होगी तथा भगवान तुंगनाथ के शीतकालीन गद्दी स्थल मक्कूमठ पहुंचने पर जगत कल्याण के लिए तपस्यारत होगी। सोमवार को तुंगनाथ घाटी के पर्यटक गांव सारी में भगवती नंदा मेला पौराणिक जागरों, बग्डवाल नृत्य, भक्तों के जयकारों के साथ मनाया गया जिसमें ग्रामीणों, धियाणियों व देश – विदेश के सैलानियों ने भगवती नन्दा की पूजा – अर्चना कर क्षेत्र के खुशहाली व विश्व समृद्धि की कामना की।

बता दें कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी भगवती नंदा की भोग मूर्ति को नवरात्रा की अष्टमी को मक्कूमठ स्थित मंदिर से बाहर निकाला गया। इसके बाद भगवती नन्दा कांडा, हुड्डू, उषाडा और दैडा़ होते हुए रविवार देर शाम को अपने मामा मैती गांव सारी पहुंची तथा ग्रामीणों द्वारा पंचायत चौक में परम्परा के अनुसार भगवती नन्दा को विभिन्न प्रकार की पूजा सामाग्री अर्पित कर मनौती मांगी। रविवार रात्रि भर ग्रामीणों ने अनेक प्रकार के पौराणिक जागरों व नृत्यों के माध्यम से भगवती नन्दा की महिमा का गुणगान किया। सोमवार सुबह को ब्रह्म बेला में ग्रामीणों ने पंचाग पूजन के तहत भगवती नन्दा व तृतीय केदार तुंगनाथ सहित तैतीस कोटि देवी – देवताओं का आवाह्न किया तथा रघुवीर नेगी , मुरली नेगी, दिलवर नेगी,दिलवर भटट् कुलदीप नेगी ने भगवती नन्दा के पौराणिक जागर गायन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। दोपहर बाद आयोजित बगडवाल नृत्य में ग्रामीणों द्वारा जीतू बगडवाल, छोटा बगडवाल, भगवती नन्दा, सोबनी , मौलू कामेण के पश्वा की भूमिका अदा की।
पूर्व सूचना अधिकारी गजपाल भटट् ने बताया कि सारी गाँव में भगवती नन्दा आगमन की परम्परा युगों पूर्व की है तथा भगवती नन्दा के आगमन से ग्रामीणों में उत्साह व उमंग रहती है। नन्दा देवी मेला समिति अध्यक्ष जगदीश सिंह नेगी ने बताया कि भविष्य में नन्दा देवी मेले को भव्य रुप से मनाने की सामूहिक पहल की जायेगी। प्रधान उषाडा प्रतिपाल बजवाल, पूर्व प्रधान दैडा़ योगेन्द्र नेगी ने बताया कि भगवती नन्दा के आगमन से क्षेत्र में खुशहाली व ग्रामीणों में सौहार्द बना रहता है। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य भरत सिंह नेगी , पूर्व प्रधान मनोरमा देवी, युवक मंगल दल अध्यक्ष धर्मेन्द्र भटट्, पूर्व महिला मंगल दल मंजू देवी, अंकित नेगी, हनुमंत नेगी , आनन्द नेगी , देवेन्द्र नेगी , जसवीर नेगी भरत सिंह नेगी सहित धियाणियां, प्रवासी, जनप्रतिनिधि, पर्यटक व ग्रामीण मौजूद रहे।

