दो रात्रि प्रवास के बाद भगवती चण्डिका की दिवारा यात्रा घिमतोली से विदा, आज अपने तपस्थली फलासी में होंगी भगवती विराजमान। बुधवार से शुरू होगा 61 दिवसीय घर दिवारा।
केएस असवाल
ऊखीमठ : तल्लानागपुर की सीमांत ग्राम पंचायत घिमतोली में दो दिवसीय रात्रि प्रवास पूर्ण करने के उपरांत भगवती चण्डिका की पावन दिवारा यात्रा भावुक क्षणों के बीच विधिवत विदा हुई। पूरे क्षेत्र में भक्तों की आंखें नम रहीं और जय माँ चण्डिका के जयघोष से वातावरण गूंजायमान हो उठा। ग्रामीणों ने माँ को पुष्प, अक्षत, नारियल एवं चुनरी अर्पित कर मंगलकामनाओं के साथ विदाई दी। ग्राम पंचायत घिमतोली में प्रवास के दौरान माता के दर्शनों के लिए आसपास के गांवों से सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचे। वेद मंत्रोच्चारण, ढोल-दमाऊं की थाप तथा पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मधुर ध्वनि के बीच धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न हुए। स्थानीय पुजारियों द्वारा विशेष पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं विश्व कल्याण की कामना की गई।
तुगेश्वर मन्दिर समिति अध्यक्ष मानवेन्द्र बर्त्वाल ने बताया कि माँ चण्डिका की दिवारा यात्रा क्षेत्र की प्राचीन आस्था एवं लोक-संस्कृति का प्रतीक है। दो रात्रि प्रवास के दौरान घर-घर दीप प्रज्ज्वलित किए गए तथा महिलाओं ने मंगलगीत गाकर माँ का आशीर्वाद प्राप्त किया। युवाओं ने व्यवस्था संभाली और बुजुर्गों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों का मार्गदर्शन किया। पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
ग्राम पंचायत घिमतोली, स्वारी, ग्वास सहित विभिन्न तोकों में विदाई के अवसर पर अनेक श्रद्धालु भावुक हो उठे। मान्यता है कि माँ चण्डिका के आगमन से ग्राम क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा प्राकृतिक आपदाओं और संकटों से रक्षा होती है। ग्रामीणों ने माता से पुनः शीघ्र आगमन की प्रार्थना की। पण्डित त्रिलोचन भट्ट ने बताया कि आज भगवती चण्डिका अपनी तपस्थली फलासी में विराजमान होंगी, जहां विशेष पूजा-अर्चना के साथ उनका स्वागत किया जाएगा। मंदिर परिसर में तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कल से घर दिवारा कार्यक्रम का शुभारंभ होगा, जिसके अंतर्गत पारंपरिक विधि-विधान से धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। दिवारा यात्रा के चारों चरण के सफल आयोजन पर दिवारा यात्रा समिति एवं समस्त ग्रामवासियों ने एक-दूसरे का आभार व्यक्त किया तथा माँ चण्डिका से क्षेत्र में शांति, समृद्धि और सद्भाव बनाए रखने की कामना की।
इस मौके पर पण्डित जगदम्बा बेजवाल, प्रधान कविता देवी, पूर्व प्रधान बसन्ती देवी , भाजपा चोपता मण्डल अध्यक्ष अर्जुन सिंह नेगी , पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य मगन सिंह नेगी, सुरजी देवी, जयवीर सिंह नेगी, मनीष मेवाल, शंकर सिंह नेगी , दीपक सिंह नेगी, प्रदीप सिंह नेगी, कुवर सिंह नेगी, पूर्ण सिंह नेगी, ओम प्रकाश कुंवर, अनिल सिंह नेगी , जय कैलाश नेगी, सहित घिमतोली, स्वारी, ग्वास,फलासी गांवों के हजारों श्रद्धालु व दिवारा यात्रा समिति पदाधिकारी मौजूद रहे।
