ऊखीमठ : मानसून सीजन के बाद केदारघाटी में तीर्थयात्रियों के पहुंचने से बढ़ी रौनक

Team PahadRaftar

लक्ष्मण नेगी 

ऊखीमठ : केदारघाटी सहित अधिकांश इलाकों में बारिश थमने के बाद मौसम खुशनुमा होने लगा है। बारिश थमने के बाद केदारनाथ, मदमहेश्वर व तुंगनाथ धामों में तीसरे चरण की यात्रा परवान चढ़ने लगी है तथा यात्रा पड़ावों पर रौनक लौटने लगी है। तीसरे चरण की यात्रा धीरे – धीरे परवान चढ़ने से वीरान पड़े यात्रा पड़ाव गुलजार होने लगे हैं तथा यात्रा पड़ावों पर व्यवसाय कर रहे व्यापारियों के चेहरों पर रौनक लौटने लगी है।

आगामी समय में यदि मौसम मे और अधिक सुधार होता है तो केदारनाथ, मदमहेश्वर, तुंगनाथ व कार्तिक स्वामी तीर्थ स्थलो मे पहुंचने वाले तीर्थ यात्रियों की संख्या में भारी इजाफा होने की सम्भावना बनी हुई है। द्वितीय केदार मदमहेश्वर धाम के व्यापारी भगत सिंह पंवार ने बताया कि मदमहेश्वर घाटी मे धीरे – धीरे मौसम खुशनुमा बनता जा रहा है तथा मौसम के खुशनुमा होते ही तीर्थ यात्रियों की आवाजाही में वृद्धि होने लगी है। बनातोली के व्यापारी बीरबल बिष्ट ने बताया कि मदमहेश्वर धाम पहुंचने वाले तीर्थ यात्रियों की आवाजाही में वृद्धि होने से यात्रा पड़ावों पर रौनक लौटने लगी है । तुंगनाथ घाटी मे मौसम खुशनुमा होते ही तीर्थ यात्रियों का आकंडा एक लाख, तीन हजार के पार पहुंच गया है । तुंगनाथ धाम के प्रबन्धक बलवीर नेगी ने जानकारी देते हुए बताया की तुंगनाथ धाम मे अभी तक 50,636 पुरूष, 42,797 महिलाएं , 9,706 नौनिहाल, 312 साधु – सन्यासी व 23 विदेशी सैलानियों सहित 1 लाख, 3 हजार 554 तीर्थ यात्री पूजा – अर्चना व जलाभिषेक कर विश्व समृद्धि कामना कर चुके है। उन्होंने बताया कि धराली ,थराली व छेनागाड आपदा के बाद तुंगनाथ धाम पहुंचने वाले तीर्थ यात्रियों की आवाजाही मे भारी गिरावट आ गयी थी मगर श्राद्ध पक्ष शुरू होते ही तुंगनाथ धाम की यात्रा धीरे – धीरे परवान चढ़ने लगी है तथा तुंगनाथ धाम सहित यात्रा पड़ाव पर रौनक लौटने लगी है। उन्होंने बताया कि चोपता से सीधे चन्द्रशिला जाने वाले पर्यटकों को मन्दिर समिति के रिकार्ड में दर्ज नही किया जाता है तथा कपाट बन्द होने तक तुंगनाथ धाम मे तीर्थ यात्रियों का आकंडा नया कीर्तिमान स्थापित करने की उम्मीद बनी हुई है।

Next Post

चमोली : राजजात यात्रा को लेकर अपर जिलाधिकारी ने ली बैठक

नंदा देवी राजजात यात्रा की तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी ने ली बैठक, अपर जिलाधिकारी ने उपयोगिता और आवश्यकता के आधार पर योजनाओं को प्रस्तावित करने के दिए निर्देश  चमोली : अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश की अध्यक्षता में बुधवार को श्री नंदा राजजात यात्रा की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक ली। […]

You May Like