लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : कालीमठ घाटी के शीर्ष पर प्रकृति की सुरम्य वादियों में जगत कल्याण के लिए तपस्यारत भगवती चामुण्डा की देवारा यात्रा के हरिद्वार से अपने भण्डार गृह जाल मल्ला पहुंचने पर ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया।

भगवती चामुण्डा की चल विग्रह उत्सव डोली सहित देवारा यात्रा में साथ चलने वाले अनेक देवी – देवताओं के निशानों के जगत कल्याण के लिए अपने भण्डार गृह में विराजमान होने पर दूसरे चरण की देवारा यात्रा का विधिवत समापन हो गया है। तीसरे चरण की देवारा यात्रा के तहत भगवती चामुण्डा की देवारा यात्रा आगामी सावन मास में मोक्ष धाम भू-बैकुंठ बदरीनाथ धाम की तीर्थ यात्रा करने के साथ विभिन्न गांवों का भ्रमण कर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देगी।

दूसरे चरण की देवारा यात्रा के निर्विघ्न सम्पन्न होने पर समिति के पदाधिकारियों ने आम जनमानस का आभार व्यक्त किया है। जानकारी देते हुए देवारा यात्रा कार्यकारी अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह तिन्दोरी ने बताया कि भगवती चामुण्डा की दूसरे चरण की देवारा यात्रा का शुभारंभ विगत वर्ष 16 दिसम्बर को हुआ था तथा दूसरे चरण कि देवारा यात्रा के तहत भगवती चामुण्डा ने गुप्तकाशी , ल्वारा , नागजगई, भीरी , चन्द्रापुरी, अगस्तमुनि , तिलवाडा , रूद्रप्रयाग सहित विभिन्न गांवों का भ्रमण कर मकर संक्रान्ति पर्व पर हरिद्वार तीर्थ स्नान व तीर्थ दर्शन के बाद देवारा यात्रा के अपने भण्डार गृह जाल मल्ला पहुंचने पर दूसरे चरण की देवारा यात्रा का विधिवत समापन हो गया है। संरक्षक कृपाल सिंह राणा ने बताया कि दूसरे चरण की देवारा यात्रा के तहत सभी यात्रा पड़ावों , विभिन्न गांवो मे विभिन्न सामाजिक संगठनों , जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों का जो सहयोग मिला है वह आजीवन अविस्मरणीय रहेगा।
प्रधान संगठन ब्लॉक अध्यक्ष त्रिलोक सिंह रावत ने बताया कि भगवती चामुण्डा की दूसरे चरण की दिवारा के आगमन से विभिन्न गांवों का वातावरण भक्तिमय बना रहेगा तथा ग्रामीणो व धियाणियों में भगवती चामुण्डा के प्रति अगाध श्रद्धा देखने को मिली। दिवारा यात्रा सचिव कीरत सिंह राणा , रामचन्द्र सिंह राणा , कोषाध्यक्ष योगम्बर सिंह रावत , दिनेश सत्कारी , पूर्व प्रधान मोहन सिंह राणा , मुलायम सिंह तिन्दोरी, मीडिया प्रभारी राय सिंह तिन्दोरी सहित दिवारा यात्रा समिति के पदाधिकारियों , सदस्यों , जनप्रतिनिधियों , खोन्नू , जाल तल्ला ,जाल मल्ला , चिलौण्ड व चौमासी के ग्रामीणों ने आम जनता का आभार व्यक्त किया है।

