ऊखीमठ : कार्तिक स्वामी मंदिर में 11 दिवसीय महायज्ञ व पुराण वाचन का शुभारंभ

Team PahadRaftar

ऊखीमठ :  8538 फीट की ऊंचाई व क्रौच पर्वत के शीर्ष पर जगत कल्याण के लिए तपस्यारत देव सेनापति भगवान कार्तिक स्वामी के तीर्थ में 11 दिवसीय महायज्ञ व पुराण वाचन का शुभारंभ वेद ऋचाओं के साथ शुरू हो गया है तथा पहले दिन सैकड़ों श्रद्धालुओ ने क्रौच पर्वत तीर्थ पहुंच कर पुण्य अर्जित कर क्षेत्र के खुशहाली व विश्व समृद्धि की कामना की। 11 दिवसीय महायज्ञ व पुराण वाचन के आयोजन से क्रौच पर्वत तीर्थ का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है तथा क्रौच पर्वत तीर्थ सहित यात्रा पड़ावों पर रौनक लौटने लगी है।

11 दिवसीय महायज्ञ व पुराण वाचन में आगामी 14 जून को बीहड़ चट्टानों के मध्य से भव्य जल कलश यात्रा के हजारों श्रद्धालु साक्षी बनेंगे तथा 15 जून को पूर्णाहुति के साथ महायज्ञ व पुराण वाचन का समापन होगा। गुरूवार को कार्तिक स्वामी के आधार शिविर स्कन्द नगरी में ब्रह्म बेला पर विद्वान आचार्यों ने पंचाग पूजन के तहत अनेक पूजाएं सम्पन्न कर भगवान कार्तिक स्वामी सहित 33 कोटि देवी – देवताओं का आवाह्न किया गया। ठीक नौ बजे कार्तिक स्वामी तीर्थ के प्रथम महन्त नर्मदा पुरी व द्वितीय महन्त गोविन्दा गिरी की समाधि पूजन विधि – विधान से की गयी। 10 बजे देव सेनापति भगवान कार्तिक स्वामी की चल विग्रह उत्सव मूर्तिया अनेक देवी – देवताओं के निशान क्रौच पर्वत तीर्थ के लिए रवाना हुए तो सैकड़ो भक्तो की जयकारों से सम्पूर्ण भूभाग देव सेनापति कुमार कार्तिकेय की जयकारों से गुंजायमान हो उठा तथा भगवान कार्तिक स्वामी नर रूप मे अवतरित हुए तथा अपनो भक्तो को 11 दिवसीय महायज्ञ व पुराण वाचन के निर्विघ्न सम्पन्न होने का आशीर्वाद दिया । भगवान कार्तिक स्वामी की चल विग्रह उत्सव मूर्तियो के क्रौच पर्वत तीर्थ पहुंचने पर कुण्ड खातिर सहित अनेक आध्यात्मिक, धार्मिक ,पौराणिक परम्पराओं का निर्वहन करते हुए महायज्ञ का शुभारंभ किया गया । महायज्ञ व पुराण वाचन के शुभारंभ अवसर पर विद्वान आचार्यों ने हवन कुण्ड मे अनेक पूजा सामाग्रियों की आहुतियां डालकर विश्व समृद्धि की कामना की। कार्तिकेय मन्दिर समिति अध्यक्ष बिक्रम सिंह नेगी ने बताया कि कार्तिक स्वामी तीर्थ में सर्व प्रथम वर्ष 1942 मे महायज्ञ व पुराण वाचन का शुभारंभ किया गया था तथा उसी परम्परा के अनुसार कार्तिकेय मन्दिर समिति व क्षेत्रीय जनता के सहयोग से प्रति वर्ष महायज्ञ व पुराण वाचन का आयोजन किया जाता है। प्रबन्धक पूर्ण सिंह नेगी ने बताया कि 11 दिवसीय महायज्ञ व पुराण वाचन के आयोजन से क्षेत्रीय जनता मे भारी उत्साह बना हुआ है । कोषाध्यक्ष चन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि कार्तिक स्वामी तीर्थ धीरे – धीरे पांचवें धाम के रूप मे विकसित हो रहा है।

इस मौके पर कथावाचक वासुदेव थपलियाल, सुधीर नौटियाल, सचिव बलराम सिंह नेगी , उप प्रबन्धक रमेश नेगी ,उपाध्यक्ष उत्तमराज नेगी ,पुजारी नन्दू पुरी , निवर्तमान क्षेत्र पंचायत सदस्य घिमतोली अर्जुन नेगी ,व्यापार संघ पोखरी अध्यक्ष बीरेन्द्र राणा, विजय सिंह नेगी ,शम्भू प्रसाद भट्ट स्नेहिल, दीपक नेगी ,बीरेन्द्र नेगी, सतवीर जग्गी ,दिनेश नेगी , विनोद भट्ट, पंकज भट्ट, प्रदीप भट्ट सहित विभिन्न क्षेत्रों के विद्वान आचार्य, मन्दिर समिति पदाधिकारी, सदस्य व सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद थे।

Next Post

गोपेश्वर : चमोली जिले को जल्द मिलेगी मेडिकल कॉलेज की सौगात : अनिल बलूनी

पहाड़ रफ्तार  गोपेश्वर : भाजपा केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने पर कार्यशाला आयोजित। जिसमें गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी सहित अन्य नेताओं ने शिरकत की। विकसित भारत का अमृत काल सेवा,सुशासन,गरीब कल्याण के 11 वर्ष पूरे होने पर आज भाजपा जिला कार्यालय चमोली में जिला अध्यक्ष गजपाल बर्तवाल की […]

You May Like