उर्गमघाटी का नाम रोशन : देवग्राम के ऋषभ नेगी का नवोदय विद्यालय में चयन, लगातार दूसरी सफलता
रघुबीर नेगी
चमोली जिले की उर्गम घाटी स्थित ग्राम पंचायत देवग्राम के प्राथमिक विद्यालय ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय के मेधावी छात्र ऋषभ नेगी का इस वर्ष नवोदय विद्यालय, पीपलकोटी में चयन हुआ है, जिससे पूरे गांव में खुशी का माहौल है।

ऋषभ नेगी एक साधारण परिवार से आते हैं। उनकी माता कविता देवी गृहणी हैं, जबकि पिता दिलवर सिंह होमस्टे संचालन के साथ-साथ पंचम केदार कल्पेश्वर स्थित श्री कल्पनाथ मंदिर समिति में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद ऋषभ की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
अपनी सफलता का श्रेय ऋषभ ने अपने गुरुदेव दर्वान सिंह नेगी (प्रधानाध्यापक), शिक्षिका श्रीमती आशा भट्ट और शालिनी सिंह को दिया है, जिनके मार्गदर्शन में उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।

गौरतलब है कि इससे पहले वर्ष 2024-25 में भी इसी विद्यालय के छात्र प्रशांत नेगी का चयन नवोदय विद्यालय, पीपलकोटी में हुआ था। लगातार दूसरे वर्ष इस सफलता ने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और शिक्षकों की मेहनत को एक बार फिर साबित किया है।
ऋषभ की इस उपलब्धि पर ग्रामवासियों, अभिभावकों और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने खुशी जताते हुए विद्यालय परिवार और उनके माता-पिता को बधाई दी है। यह सफलता न केवल देवग्राम, बल्कि पूरे उर्गम घाटी के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

