82 वर्षों के बाद टंगणी जाख देवता छह माह के भ्रमण पर, यात्रा की तैयारियां जोरों पर – के एस असवाल

Team PahadRaftar

चमोली : 82 वर्षों के अंतराल के बाद जाख देवता निकलेंगे देवरा यात्रा भ्रमण पर,टंगणी-तल्ली में यात्रा को लेकर तैयारियां जोरों पर
गौचर

82वर्षों के लंबे अंतराल के बाद टंगणी-तल्ली के जाख देवता छह महीनों के लिए देवरा यात्रा भ्रमण पर निकलेंगे,जाख देवरा यात्रा को लेकर ग्रामीणों में भारी बना हुआ उत्साह है। ग्रामीण देवरा यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। 03 अक्टूबर से जाख देवता भ्रमण पर निकलेंगे।

सीमान्त प्रखण्ड जोशीमठ के टंगणी-तल्ली ग्राम पंचायत में जाख देवता के देवरा यात्रा की तैयारियां लगभग पूर्ण कर ली गई है।जाख देवता मंदिर का रंगरोगन,भोगमण्डी निर्माण के अलावा बानाकाछड़ी व किलातौंड़ी आदि कार्यक्रमों के लिए निर्धारित किए गए स्थानों की साफ-सफाई व्यवस्था को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।
जाख देवता देवरा यात्रा भ्रमण कार्यक्रम से पूर्व 30 सितंबर से 02 अक्टूबर 2022 प्रातः तक जाख देवता मंदिर में विशेष पूजा कार्यक्रम होंगें,02 अक्टूबर को ही पूजा के उपरांत जाख देवता मंदिर से बानाकाछड़ी पहुंचेंगे जहां जाख देवता के मैती पक्ष द्वारा जाख देवता को भ्रमण हेतु सजाया जाएगा। इसी दिन सायं को जाख देवता बानाकाछड़ी से किलातौंड़ी में प्रवेश करंगे,जहाँ पूरे विधिविधान के साथ पूजाएं व जागर होंगे।

जाख देवता देवरा यात्रा भ्रमण से पूर्व के पूजा कार्यक्रमों के लिए परंपरानुसार जाख देवता समिति ने डुमक के बजीर देवता,कलगोठ के जाख देवता,बेमरु के लाटू जाख देवता,किमाणा की चण्डिका देवी,पाखी के क्षेत्रपाल देवता व लंगसी की नन्दा देवी आदि देवी देवताओं को न्यौता दिया गया है। इन सभी देवी-देवताओं की मौजूदगी व जागर के साथ टंगणी गावँ के पुरोहित पंडित प्रेमबल्लभ सती व पंडित कैलाश चन्द्र सती द्वारा जाख देवता भ्रमण पूर्व की सभी धार्मिक प्रक्रिया सम्पन्न होंगी।

गौरतलब है कि टंगणी तल्ली के जाख देवता भ्रमण कार्यक्रम की योजना पर वर्ष 2017 में भी चर्चा हुई थी,और गावँ के ही शिक्षाविद कुमुदानन्द भट्ट,सामाजिक कार्यकर्ता जयशंकर डंगवाल व अन्य जागरूक ग्रामीणों की पहल पर जाख देवता देवरा यात्रा आयोजन को लेकर पूर्व ग्राम प्रधान कविता डंगवाल की अध्यक्षता में पहली बैठक भी हुई थी, जिसमें वर्ष 2018 में जाख देवता भ्रमण कार्यक्रम पर सहमति बनी थी। लेकिन उस वर्ष कलगोठ के जाख देवता का भ्रमण कार्यक्रम तय होने के कारण स्थगित करना पड़ा और बाद के दो वर्षों में कोरोना महामारी के कारण यात्रा नहीं हो सकी।
अब इस वर्ष देवरा यात्रा के लिए ग्राम प्रधान हीरा सिंह पंवार,जाख देवता समिति के अध्यक्ष प्रदीप प्रसाद भट्ट व उनकी कार्यकारणी,युवक व महिला मंगल दल ने देवरा यात्रा के कार्यकमों को भव्य रूप देने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली है। देवी-देवताओं व नाते रिश्तेदारों को आमंत्रण दिए जाने का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है। जो लोग गांव से बाहर रहते हैं वह सभी गांव पहुंच रहे हैं।

Next Post

जोखिम में जान : महिलाएं लकड़ियों की बलियों के सहारे घास लाने को मजबूर - वीडियो में देखें महिलाओं का दर्द

चमोली : प्रदेश सरकार एक ओर पहाड़ की महिलाओं के पीठ का बोझ कम करने के लिए घसियारी योजना चला रही है। वहीं कही जिलों में अभी भी योजना तो दूर की बात महिलाओं को जंगल से घास लाने वाले मार्ग तक ठीक न होने के चलते महिलाएं जान जोखिम […]

You May Like