रूद्रप्रयाग : भारी बारिश भूस्खलन से एक महिला की मौत, आठ लापता , दर्जनों परिवार हुए बेघर

Team PahadRaftar

भारी बारिश, भूस्खलन से एक महिला की मौत, आठ लापता, छेनागाड़ बाजार ध्वस्त

केएस असवाल 

रुद्रप्रयाग:  उत्तराखंड के जनपद रुद्रप्रयाग के जखोली ब्लॉक में भारी बारिश और अतिवृ​ष्टि से अलग-अलग जगहों पर एक महिला की मौत हो गई। वहीं, आठ लोग भूस्खलन में लापता हो गए। मलबे की चपेट में आने से 20 से अ​धिक मवे​शियों की भी मौत हो गई है। जिला प्रशासन के कहने पर 65 से अ​धिक परिवारों को स्कूल, पंचायत भवन और आंगनबाड़ी केंद्र में शरण ले ली है।

बृहस्पतिवार देर रात्रि से शुक्रवार सुबह हुई बारिश से जखोली ब्लॉक ग्राम पंचायत ललूड़ी के टेंडवाल गांव में सरिता देवी की मलबे में दबने से मौत हो गई। दूसरी तरफ पूर्वी बांगर का छेनागाड़ बाजार भारी भूस्खलन के मलबे के साथ चंदन गंगा में समा गया। मलबे में 15 से अ​धिक दुकान व आवासीय मकान बह गये, जिसमें 8 लोग भी लापता हो गये, जिसमें चार स्थानीय और चार नेपाली मूल के मजदूर हैं। इस घटना में बस में सवार ड्राइवर और कंडक्टर बच गए, जिन्होंने भागकर अपनी जान बचाई है। वहीं, बसुकेदार के निकट ग्राम पंचायत तालजामण में अतिवृ​ष्टि से व्यापक नुकसान हुआ है। यहां 12 आवासीय मकानों को क्षति पहुंची है। साथ ही 20 मवे​शियों की तेज बरसाती पानी, मलबा और पत्थर की चपेट में आने से मौत हो गई है। गांव के 65 से अ​धिक परिवारों को स्कूल, पंचायत भवन और आंगनबाड़ी केंद्र में ​शिफ्ट कर दिया गया है। स्थानीय ​शिवानंद नौटियाल, दीनानाथ, देवेश नौटियाल, मनोज नौटियाल ने बताया कि देर रात को हुई भारी बारिश के बीच लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई है। इधर, जिला​धिकारी प्रतीक जैन ने विभागीय अ​धिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया है। उन्होंने बताया कि भारी बारिश और ​अतिवृ​ष्टि से नुकसान हुआ है।

Next Post

ऊखीमठ : प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने किया आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण

प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने किया आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण, राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा प्रभावितों की जान बचाना, क्षति का त्वरित आंकलन करना तथा प्रभावितों का शीघ्र पुनर्वास करना सरकार की मुख्य प्राथमिकताएं : सौरभ बहुगुणा लक्ष्मण नेगी  ऊखीमठ : मंत्री सौरभ बहुगुणा ने आज जनपद […]

You May Like