
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : विकासखंड ऊखीमठ के सीमांत गांव गौण्डार, तोषी व चिलौण्ड गांवों को यातायात से जोड़ने वाले मोटर मार्गों का निर्माण कार्य लम्बे समय से कछुआ गति से होने के कारण आगामी 24 जुलाई को सम्पन्न होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को सम्पन्न कराने के लिए पोलिंग पार्टियों को इस बार भी मीलों दूरी पैदल तय करने के बाद मतदान केन्द्रों पर पहुंचना पड़ेगा।
तीनों घाटियों के सीमांत गांवों को यातायात से जोड़ने के लिए मोटर मार्गों का निर्माण कार्य शुरू होते ही ग्रामीणों में भारी उत्साह देखने को मिला था मगर निर्माणाधीन मोटर मार्गों का निर्माण कार्य कछुवा गति से होने के कारण ग्रामीण आज भी मीलों पैदल चलने को विवश बने हुए हैं तथा रोजमर्रा की सामाग्री को पीठ में ढोने को विवश बने हुए हैं। आठवीं की कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद आईसी , रासी , कोटमा व त्रियुगीनारायण में अध्यनरत नौनिहालों ने भी आजादी के बाद यातायात सुविधा मिलने का सपना तो संजोया था मगर विभागीय अनदेखी के कारण नौनिहालों के सपने वर्तमान समय में भी अधूरे के अधूरे रह गये हैं। राज्य योजना के अन्तर्गत स्वीकृत अकतोली – गौण्डार मोटर मार्ग का निर्माण कार्य लम्बे समय से कछुवा गति से होने के कारण आजादी के सात दशक बाद भी गौण्डार के ग्रामीणों व द्वितीय केदार मदमहेश्वर धाम पहुंचने वाले तीर्थ यात्रियों को आज भी 6 किमी का सफर पैदल तय करने के बाद मंजिल तक पहुंचना पड रहा है। जाल तल्ला बैण्ड- चिलौण्ड मोटर मार्ग का निर्माण कार्य कुछ ही महीनो पूर्व शुरू हुआ था मगर मोटर मार्ग का निर्माण कार्य कछुवा गति से होने के कारण ग्रामीण आज भी मीलों पैदल चलने के लिए विवश बने हुए हैं । राज्य योजना के अन्तर्गत निर्माणाधीन त्रियुगीनारायण- तोषी 7 किमी मोटर मार्ग के प्रथम पेज का 90 प्रतिशत निर्माण कार्य हो चुका है मगर सोन नदी पर दो करोड़ 25 लाख की रूपये की लागत से बनने वाले पुल की डी पी आर शासन में लम्बित होने के कारण मोटर मार्ग का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भी बरसात के समय तोषी के ग्रामीणों की समस्याएं बढ़ने की सम्भावनाओं से इनकार नही किया जा सकता है। तीनों निर्माणाधीन मोटर मार्गो का निर्माण कार्य पूर्ण होकर ग्रामीणों को कब यातायात सुविधा मिलेगी यह तो भविष्य के गर्भ में है मगर आगामी 24 जुलाई को सम्पन्न होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को सम्पन्न कराने के लिए पोलिंग पार्टियों को इस बार भी मीलों पैदल चलकर मतदान केन्द्रों तक पहुंचना होगा। वहीं दूसरी ओर विभागीय अधिकारियो का कहना है कि अकतोली – गौण्डार मोटर मार्ग कटिंग मे कठोर चट्टानों के होने से मोटर मार्ग निर्माण मे भारी परेशानियों का सामना करना पड रहा है, जबकि त्रियुगीनारायण- तोषी निर्माणाधीन मोटर मार्ग के प्रथम फेस का निर्माण कार्य बरसात के बाद पूर्ण कर दिया जायेगा।

