ज्योतिर्मठ में राजा लाल की दस्तक, समर बर्ड्स की चहचहाहट से गूंजा नन्दा देवी बफर जोन

Team PahadRaftar

ज्योतिर्मठ में राजा लाल और साइबेरियन स्टोन चैट की दस्तक, समर बर्ड्स से गुलजार हुआ नन्दा देवी बफर जोन

पहाड़ रफ्तार टीम

पहाड़ों में बढ़ती तपिश और बसंत ऋतु की दस्तक के साथ ही चमोली जिले के ज्योतिर्मठ क्षेत्र में ग्रीष्मकालीन प्रवासी पक्षियों की आमद शुरू हो गई है। नन्दा देवी बायोस्फियर रिजर्व के बफर जोन और आसपास की बर्ड साइटों पर इन दिनों राजा लाल (साइबेरियन स्टोन चैट) समेत कई दुर्लभ पक्षियों की चहचहाहट सुनाई दे रही है, जिससे पक्षी प्रेमियों के चेहरे खिल उठे हैं।

प्रख्यात बर्ड वॉचिंग एक्सपर्ट संजय कुंवर ने बताया कि इस वर्ष तापमान में तेजी से वृद्धि के चलते समर विजिटर बर्ड्स समय से पहले ही क्षेत्र में पहुंचने लगे हैं। वे लगातार बर्ड वॉचिंग के माध्यम से पक्षियों की आमद का डेटा भी संकलित कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इन दिनों काला भुजंगा (कोतवाल पक्षी), नीला वर्डिएटर फ्लाईकैचर, स्कारलेट मिनिवेट, अल्ट्रामरीन फ्लाईकैचर, ग्रे बुशचैट, रेड-रंप्ड स्वैलो, एशियन कोयल, डार्क-ब्रेस्टेड रोजफिंच, सनबर्ड, इंडियन ब्लू रॉबिन और ऑरेंज हेडेड थ्रश सहित कुकू प्रजाति के पक्षियों की अच्छी साइटिंग दर्ज की जा रही है। यह क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता और स्वस्थ पारिस्थितिकी तंत्र का संकेत है।

विशेषज्ञों के अनुसार, गर्मियों के दौरान दक्षिण भारत, पश्चिमी घाट, नीलगिरी, तमिलनाडु और मध्य प्रदेश जैसे क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में समर बर्ड्स ज्योतिर्मठ पहुंचते हैं। यहां की अनुकूल जलवायु, पर्याप्त भोजन और सुरक्षित आवास इन पक्षियों के लिए प्रजनन का आदर्श स्थल बनाते हैं।

आने वाले दिनों में “दूधराज” (इंडियन पैराडाइज फ्लाईकैचर), विभिन्न कस्तूरा (थ्रश) प्रजातियां और ब्लू कैप्ड रॉक थ्रश जैसे आकर्षक पक्षियों के आगमन की भी उम्मीद जताई जा रही है, जिसका बेसब्री से इंतजार पक्षी प्रेमी हर साल करते हैं।

सुबह और शाम के समय खेत-खलिहानों, बाग-बगीचों, जलधाराओं और वन क्षेत्रों में पक्षी अवलोकन के दौरान इन रंग-बिरंगे पक्षियों की मौजूदगी क्षेत्र में प्रकृति प्रेमियों के लिए खास आकर्षण बनी हुई है।

स्थानीय लोगों और विशेषज्ञों ने इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक आवासों को सुरक्षित रखने की अपील की है, ताकि इन प्रवासी पक्षियों का यह सुंदर संसार यूं ही आबाद बना रहे।

 

Leave a Reply

Next Post

उर्गमघाटी का नाम रोशन : देवग्राम के ऋषभ नेगी का नवोदय विद्यालय में चयन, लगातार दूसरी सफलता 

उर्गमघाटी का नाम रोशन : देवग्राम के ऋषभ नेगी का नवोदय विद्यालय में चयन, लगातार दूसरी सफलता रघुबीर नेगी  चमोली जिले की उर्गम घाटी स्थित ग्राम पंचायत देवग्राम के प्राथमिक विद्यालय ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय के मेधावी छात्र ऋषभ […]

You May Like