
संजय कुंवर
गोविंदघाट : लोक निर्माण विभाग की लापरवाही ने छीना गरीब खच्चर चालक का रोजगार। घांघरिया – हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर लोनिवि द्वारा बनाए घटिया कौजवे पर खच्चर के पैर धंसने से दोनों खच्चर लहुलूहान होकर घायल हो गए हैं। खच्चर स्वामी ने घांघरिया चौकी में प्राथमिक दर्ज के लिए लिखित शिकायत कर मुआवजा की मांग की है।

जानकारी के अनुसार मदन सिंह कंखोली पुत्र स्व०धर्म सिंह निवासी पिनोला गोविंदघाट ने घांघरिया पुलिस रिपोर्टिंग चौकी में एक लिखित शिकायत/प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करते हुए बताया है कि उन्होंने अपने परिवार की आजीविका संचालन के लिए दो खच्चर गोविंद घाट घांघरिया यात्रा मार्ग पर लगाए थे लेकिन यात्रा के तीन दिन के अंदर ही उनके ऊपर दुःखों का पहाड़ टूट गया।

दरअसल 27 मई को घांघरिया से पुलना की ओर सवारी के जाते वक्त मदन सिंह के दोनों खच्चरों का कांजिला खर्क के समीप लोक निर्माण विभाग द्वारा पैदल मार्ग पर टिन बिछा कर बनाए गए कौजवे में खच्चरो के पाँव रखते ही यह क़ौजवे टूट गया जिसमें दोनों खच्चरों के पैर बुरी तरह फंस कर लहुलूहान हो कर घायल हो गए हैं, जब खच्चरो के पांव इस कौज में फंसे तब उनमें यात्री भी सवार थे। मदन सिंह द्वारा लिखे शिकायती पत्र में ये भी बताया गया है कि तत्काल उनके दोनों खच्चरों को घांघरिया के पशु चिकित्सा केंद्र से बुलाए गए चिकित्सक की देखरेख में जांच उपचार कराया गया तो पाया गया कि एक खच्चर का पांव फ्रैक्चर हो गया है। दूसरे के पांव की एक मुख्य नश कटने से काफी रक्तस्राव हो गया है। लिहाजा वर्तमान में ये दोनों पशु धन घायल अवस्था में है जिससे खच्चर स्वामी मदन सिंह काफी आहत है लिहाजा उन्होंने घांघरिया पुलिस रिपोर्टिंग चौकी में संबंधित विभाग जिसके अंतर्गत ये पैदल मार्ग आता है उनके खिलाफ खराब गुणवत्ता की सड़क निर्माण के साथ साथ रास्ते की उचित देखभाल नहीं करने को लेकर लोक निर्माण विभाग के खिलाफ शिकायत दर्ज करते हुए दोनों घायल पशु धनों के एवज में उचित मुआवजे की मांग भी की है। उन्होंने बताया है कि अब उनके दोनों खच्चर घायल अवस्था में है और किसी भी काम के नहीं रहे उनके पैर बुरी तरह कुचल गए हैं।

