
पीपलकोटी : भारी वर्षा से पीएमजीएसवाई पोखरी की सैंजी लग्गा बेमरू – स्यूंण मोटर मार्ग सुरेड़ा गनपानी गदेरा में पुल के पास सड़क का पुश्ता टूटने से दो सप्ताह से बंद पड़ी है। जिससे ग्रामीण जन-जीवन एवं आर्थिक व्यवसाय प्रभावित हो गया है।
पीएमजीएसवाई की सड़क टूटने से जडेता, बजनी, बेडुमाथल एवं कांडा – कुणखेत गांवों के लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए कही किमी दूरी पैदल चलकर आवाजाही करने के साथ ही खाद्य पदार्थों को पीठ में लादकर ले जाना पड़ रहा है। सड़क बंद होने से स्कूली छात्रों का पठन-पाठन भी प्रभावित हो रहा है। साथ ही स्थानीय लोगों का दुग्ध एवं सब्जी व्यवसाय भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश बना हुआ है। बरसाती गनपानी गदेरा उफान पर होने के चलते अभिभावक अपने बच्चों को विद्यालय भेजने से भी कतरा रहे हैं। ग्रामीणों द्वारा इसकी शिकायत पीएमजीएसवाई के साथ ही शासन – प्रशासन से करने के बाद भी अभी तक मोटर मार्ग खोलने के लिए कोई कार्रवाई नहीं हुई है। जिससे ग्रामीणों में मायूसी बनी हुई है। समाजिक कार्यकर्ता अरूण राणा स्यूंण ने बताया कि झडेता – बजनी मोटर मार्ग दो सप्ताह से बंद पड़ा है, विभाग द्वारा जिसे खोलने के लिए अभी तक कोई प्रयास नहीं किए गए हैं। जिससे ग्रामीण जन-जीवन प्रभावित हो गया है। उन्होंने शासन – प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क खोलकर आवाजाही शुरू करने की मांग की है।

