पीपलकोटी : बदरीनाथ हाईवे 36 घंटे बाद आवाजाही के लिए खुला, श्रद्धालुओं ने ली राहत की सांस

Team PahadRaftar

संजय कुंवर

चमोली : बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग भूस्खलन होने से बृहस्पतिवार को सुबह सात बजे पीपलकोटी भनेरपानी में बंद हो गया था। जिससे एनएचआईडीसीएल, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के सहयोग से 36 घंटे बाद आज शाम 7:25 बजे आवाजाही के लिए खोल दिया गया है।

चमोली जिले में विगत दो – तीन दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश से बदरीनाथ हाईवे कल सुबह बृहस्पतिवार को 7 बजे के लगभग पीपलकोटी से दो किलोमीटर आगे भनेरपानी में भारी भूस्खलन होने से बदरीनाथ हाईवे लगभग 30 मीटर वॉश आउट हो गया था। जिससे बदरीनाथ यात्रा पर आए डेढ़ हजार से अधिक तीर्थयात्री हाईवे के दोनों ओर फंस गए थे। जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं को एहतियातन सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया गया। वहीं बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग को खोलने के लिए एनएचआईडीसीएल द्वारा युद्धस्तर पर कार्य किया गया।

आज दोपहर में जिलाधिकारी संदीप तिवारी और पुलिस अधीक्षक सर्वेश पवार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। हाईवे न खुलने पर आज सुबह कुछ तीर्थयात्री पीपलकोटी से ही जय बदरी विशाल कह कर वापस लौट गए। झारखंड के 67 वर्ष के सेवानिवृत्त शिक्षक पपति पावन पांडे अपनी पत्नी और बेटे के दर्शन को केदारनाथ – बदरीनाथ आए थे।

उन्होंने बताया कि केदारनाथ धाम में बाबा केदार के अच्छे से दर्शन हो गए थे। अब बदरीनाथ धाम के दर्शन करने चाहते थे, लेकिन हाईवे बंद होने के चलते दर्शन नहीं हो पाए। उन्होंने कहा कि जब भगवान नारायण बुलाएंगे तो दोबारा आएंगे। हाईवे बंद होने पर पीपलकोटी के व्यापार संघ और युवाओं ने श्रद्धालुओं के लिए बिस्कुट और पानी की व्यवस्था की गई। वहीं हाईवे बंद होने से खुलने तक पीपलकोटी पुलिस भूस्खलन क्षेत्र में डटी रही और तीर्थयात्रियों को पैदल निकालने में मदद करती रही। हाईवे खुलने के बाद तीर्थयात्रियों, स्थानीय लोगों, पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली।

Next Post

गोविंदघाट : फूलों की घाटी में फिर लौट आई रौनक, 299 पर्यटकों ने उठाया लुत्फ

संजय कुंवर  फूलों की घाटी : दो दिनों से बंद विश्व धरोहर फूलों की घाटी में दिखी रौनक, आज 299 पर्यटकों ने उठाया घाटी का लुत्फ। उच्च हिमालई क्षेत्रों में बारिश के अलर्ट के मद्दे नजर पिछले दो दिनों से बंद विश्व प्राकृतिक धरोहर स्थल फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान […]

You May Like