बड़ी खबर : भाजपा जिलाध्यक्ष के शिकायत पर जिला पंचायत मामले में जांच टीम गठित – पहाड़ रफ्तार

Team PahadRaftar
चमोली जिला पंचायत अध्यक्ष पर लगे आरोपों को लेकर चल रहे आरोप प्रत्यारोप का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिलाधिकारी ने जहां भाजपा जिलाध्यक्ष के शिकायती पत्र पर सीडीओ की अध्यक्षता में जांच कमेटी बनाई है वहीं भाजपा समर्थित जिला पंचायत सदस्यों ने इस्तीफे का दबाव दिया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट ने मुख्यमंत्री से बदरीनाथ यात्रा के दौरान शिकायती पत्र देकर जिला पंचायत में चल रही अनियमितताओं की ओर ध्यान आकर्षित किया था। उन्होंने पूर्व में अध्यक्ष रहते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष रजनी भंडारी पर नंदा देवी राजजात यात्रा के निर्माण कार्यों में निविदाओं के गलत आवंटन का आरोप लगाया तथा बदरीनाथ विधानसभा में सड़क पर बनाए गए प्रवेश द्वारों के निर्माण में भी अनियमितता का आरोप लगाया था। भाजपा जिलाध्यक्ष ने खुलासा किया कि जिला पंचायत में भाजपा समर्थित 10 सदस्यों ने जिला पंचायत अध्यक्ष पर कार्रवाई न होने की दशा में पार्टी से त्यागपत्र देने का भी दबाव बनाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि पूर्व में जिला पंचायत सदस्यों सहित अन्य व्यक्तियों द्वारा निर्माण कार्यों में जांच की मांग की जा चुकी है। बताया गया कि भाजपा जिलाध्यक्ष के पत्र के आधार पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिलाधिकारी को एक सप्ताह के भीतर जांच करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने बताया कि मामले में सीडीओ अरुण चौधरी की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच कमेटी बनाई गई है। उन्होंने कहा कि जांच कमेटी में लोनिवि के अधिशासी अभियंता व कोषागार के मुख्य कोषाधिकारी को सदस्य बनाया गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि लगातार जिला पंचायत को लेकर सदस्यों, उपाध्यक्ष सहित अन्य व्यक्ति योजनाओं के संपादन में गड़बड़ी की शिकायत कर रहे थे। लिहाजा जांच जरूरी थी। जिला पंचायत अध्यक्ष रजनी भंडारी ने कहा कि भाजपा राजनीतिक द्वेष भावना से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा आरोप प्रत्यारोप की राजनीति कर जिले के विकास को प्रभावित करना चाह रही है। उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष द्वारा उन पर लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज किया है।

Next Post

तहसील दिवस पर उपजिलाधिकारी कुमकुम जोशी ने सुनी जनसमस्याएं, संबंधित विभागों को दिए कार्रवाई के निर्देश - संजय कुंवर जोशीमठ

जोशीमठ के ब्लॉक सभागार में आयोजित तहसील दिवस में उपजिलाधिकारी जोशीमठ कुमकुम जोशी ने नगरपालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों सहित सीमांत विकासखण्ड से बैठक में पहुँचे ग्रामप्रधान/ जनप्रतिनिधियों/और ग्रामीणों की जन समस्यायें और शिकायतें सुनी और उनके निराकरण हेतु सम्बन्धित विभाग को निर्देशित किया। इस दौरान सड़क, स्वास्थ्य,पेयजल,नगर पालिका सहित […]

You May Like