
नवरात्र में पूजा छोड़ सड़क पर उतरी मातृशक्ति, देवप्रयाग में शराब के खिलाफ उबाल
जसपाल नेगी
पांचवें दिन भी जारी धरना-प्रदर्शन, तीर्थनगरी की अस्मिता बचाने को महिलाओं का संकल्प
श्रीनगर / देवप्रयाग : देवप्रयाग में बसंत नवरात्रि के पावन अवसर पर जहां मंदिरों में भजन-कीर्तन की गूंज होनी चाहिए थी, वहीं यहां की मातृशक्ति शराब के खिलाफ सड़कों पर संघर्ष करती नजर आ रही है। लगातार पांचवें दिन भी महिलाओं का धरना-प्रदर्शन जारी है, जो अब जनआंदोलन का रूप लेता दिख रहा है।

स्थानीय महिलाओं का कहना है कि तीर्थनगरी की पवित्रता पर शराब का दुष्प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की उदासीनता के चलते क्षेत्र में शराब की बिक्री और अवैध गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिससे सामाजिक ताना-बाना प्रभावित हो रहा है।
नवरात्र जैसे आस्था के पर्व पर पूजा-अर्चना छोड़कर सड़क पर उतरना महिलाओं की मजबूरी बन गया है। प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक क्षेत्र में शराब पर प्रभावी रोक नहीं लगाई जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
मातृशक्ति के इस आंदोलन को स्थानीय लोगों का भी समर्थन मिल रहा है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस जनभावना को कितनी गंभीरता से लेता है और कब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने आती है।

