लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : तल्लानागपुर की ह्रदय स्थली के रूप विख्यात चोपता फलासी में जगत कल्याण के लिए तपस्यारत भगवती चण्डिका की दिवारा यात्रा इन दिनों घर दिवारा के तहत कोल्लू – भन्नू गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों की कुशलक्षेम पूछकर आशीर्वाद दे रही है।

25 वर्षो बाद दिवारा यात्रा के आयोजन से चोपता क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है तथा ग्रामीणों में भारी उत्साह बना हुआ है। घर दिवारा सम्पन्न होने के बाद भगवती चण्डिका उत्तर दिशा का भ्रमण करेंगी तथा इस दौरान भगवती चण्डिका विभिन्न तीर्थ स्थलों व गांवों का भ्रमण कर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देगी। इस दौरान विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक परम्पराओं का निर्वहन किया जायेगा।
लगभग 6 माह तक भगवती चण्डिका चारों दिशाओं का भ्रमण करेगी तथा चारों दिशाओं के भ्रमण के बाद घर दिवारा के तहत भगवती चण्डिका विभिन्न गांवों का भ्रमण करेगी व विशाल यज्ञ के साथ 25 वर्षों बाद आयोजित दिवारा यात्रा का समापन होगा।

जानकारी देते हुए तुंगेश्वर महादेव मन्दिर समिति फलासी अध्यक्ष मानवेंद्र बर्त्वाल ने बताया कि भगवती चण्डिका का दिवारा यात्रा का शुभारंभ विगत 23 नवम्बर को वेद ऋचाओं के साथ शुरू हो गया था तथा इन दिनो भगवती चण्डिका घर दिवारा के तहत विभिन्न गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों की कुशलक्षेम पूछकर आशीर्वाद दे रही है। सचिव पूर्ण सिंह खत्री ने बताया कि घर दिवारा के तहत भगवती चण्डिका ने फलासी , बछनी, भटवाडी , उर्खोली , खाली , तडाग, क्यूडी काण्डा का भ्रमण कर दिया है व इन दिनों कोल्लू , भन्नू का भ्रमण कर भक्तों को आशीर्वाद दे रही है तथा आने वाले दिनो में दानकोट , कुण्डा, जाखणी , मलाऊ गांवों का भ्रमण कर भक्तो को आशीर्वाद देगी। कोषाध्यक्ष यशवन्त सिंह नेगी ने बताया कि भगवती चण्डिका का 25 वर्षो बाद दिवारा यात्रा का आयोजन होने से ग्रामीणो मे भारी उत्साह बना हुआ है। उपाध्यक्ष दलवीर सिंह राणा ने बताया कि घर दिवारा के बाद चौण्ड गांव से उत्तर दिवारा का शुभारंभहोगा तथा भगवती चण्डिका केदार घाटी के विभिन्न गांवो का भ्रमणकर भगवान केदारनाथ के शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मन्दिर पहुंचेगी। मगन सिंह नेगी , रणजीत करासी , कुवर सिंह, सते सिंह नेगी , संजय सिंह, रणवीर सिंह ने बताया कि उत्तर दिवारा के तहत अनेक धार्मिक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक व पौराणिक परम्पराओं का निर्वहन किया जायेगा ।
