
केशव प्रयाग/माणा : पुष्कर कुंभ में उमड़ा आस्था का सैलाब बदरीनाथ धाम में आज 21 हजार 400 श्रद्धालु ने किए दर्शन
संजय कुंवर, पुष्कर कुंभ/मांणा/
भू-बैकुंठ नगरी श्री बदरीनाथ धाम और देश के पहले ऋतु प्रवासी धार्मिक तीर्थाटन गांव माणा मणि भद्र पुर में इन दिनों तीर्थ यात्रियों का जन सैलाब उमड़ा हुआ है। बदरीनाथ धाम में श्री बदरी विशाल भगवान के दर्शनों के लिए रविवार देर सांय तक जहां आज करीब 22 हजार श्रद्धालुओं की आमद दर्ज हुई है। वहीं बदरी पुरी के समीप माणा वैली में अलक नन्दा और सरस्वती गंगा के पावन संगम तट केशव प्रयाग पर लगे पुष्कर कुंभ में भी देश के दक्षिण भारत प्रांत के अलग-अलग राज्यों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पवित्र सरस्वती गंगा में पुष्कर कुंभ पर्व में आस्था की डुबकी लगाने के साथ साथ अपने पूर्वजों के मोक्ष हेतु पिंड दान तर्पण पूजन कर पितरों से आशीर्वाद ओर पुण्य लाभ भी अर्जित कर रहे हैं। माणा में भंडारा प्रसाद का आयोजन किया जा रहा है जिसमें हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं।
बता दें कि प्रत्येक 12वर्षों में देश की 12 पवित्र नदियों के तट में लगने वाले इस आस्था के महा पर्व पुष्कर कुंभ को लेकर श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह नजर आ रहा है। मान्यता है कि 12दिनों तक चलने वाले इस पुष्कर कुंभ में करीब 60 हजार देवी देवताओं के साथ त्रिदेव,यक्ष किन्नर गंधर्व और तीनों लोकों के देव गण इस संगम तट पर दिव्य स्नान हेतु पहुंचते है जिसके बाद इस संगम तट का जल अमृत मई हो जाता है। लिहाजा इस पुष्कर कुंभ के दिव्य स्नान हेतु प्रति दिन यहां माणा गांव के केशव प्रयाग संगम तट पर हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। जिला प्रशासन ने भी पुष्कर कुंभ को लेकर तीर्थ यात्रियों की सुरक्षा स्वास्थ्य सहित अन्य व्यवस्थाएं भी दुरस्त की हुई है, संगम तट पर SDRF सहित पुलिस के जवान यात्रियों की सुरक्षा के लिए तत्परता के साथ मौजूद है वहीं मेडिकल टीम भी संगम स्थल पर मौजूद है। बदरीनाथ पुलिस द्वारा यात्रियों के भीड़ प्रबंधन पर पूरी तरह से अपनी मजबूत पकड़ बनाई हुए है, माणा के केशव प्रयाग में पुष्कर कुंभ के चलते बदरी पुरी में प्रति दिन आने वाले श्रृद्धालुओं की तादात भी बढ़ने लगी है। कपाट खुलने से लेकर अबतक करीब दो लाख चौतीस हजार श्रद्धालु बदरी पुरी पहुंच चुके हैं। देव दर्शनी से लेकर माणा मणि भद्र पुर केशव प्रयाग संगम तट तक जहां तक नजर दौड़ाई जाय तीर्थ यात्रियों की चहल पहल नजर आ रही है, तीर्थ यात्रियों की आमद बढ़ने से बदरी पुरी और मणि भद्र पुर माणा नगरी इन दिनों गुलजार नजर आ रही है।

