केदारघाटी : ओंकारेश्वर मन्दिर से आज केदारनाथ धाम यात्रा का हुआ आगाज, सोमवार को पंचमुखी उत्सव डोली कैलास को होगी रवाना

Team PahadRaftar

केदारनाथ के शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मन्दिर में आज भैरव पूजन के साथ केदारनाथ धाम की यात्रा का विधिवत आगाज हो गया है, सोमवार को बाबा केदार की पंचमुखी उत्सव डोली कैलास को होगी रवाना 

लक्ष्मण नेगी 

ऊखीमठ : रविवार देर सांय को भगवान केदारनाथ के शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मन्दिर में केदार पुरी के क्षेत्र रक्षक भुकुन्ड भैरव पूजन के साथ 11 वे ज्योर्तिलिंग भगवान केदारनाथ की यात्रा का विधिवत आगाज हो गया है । भक्तों के सहयोग से मन्दिर समिति द्वारा ओंकारेश्वर मन्दिर को विभिन्न प्रजाति के आठ कुन्तल फूलों से सजाया गया है । सोमवार को आर्मी की बैण्ड धुनों व भक्तों की जयकारों के साथ भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली ऊखीमठ से कैलाश के लिए रवाना होगी तथा विभिन्न यात्रा पडावों पर भक्तों को आशीर्वाद देते हुए एक मई को केदारनाथ धाम पहुंचेगी तथा दो मई को भगवान केदारनाथ के कपाट प्रातःकालीन बेला पर वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ ग्रीष्मकाल के लिए खोल दिये जायेंगे।

भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली के साथ ऊखीमठ से केदारनाथ धाम तक पद यात्रा मे शामिल होने वाले सैकड़ो तीर्थ यात्री ऊखीमठ पहुंच चुके है । केदारनाथ धाम मे मन्दिर समिति के 18 सदस्यीय दल द्वारा एक मई तक सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद करने के प्रयास किये जा रहे है । जल संस्थान द्वारा गौरीकुंड – केदारनाथ 18 किमी पैदल मार्ग पर पेयजल आपूर्ति सुचारू कर दी गयी है । केदारनाथ यात्रा के यात्रा पड़ावों पर व्यापारियों के रूख करने से यात्रा पड़ावों पर धीरे – धीरे रौनक लौटने लगी है । तृतीय केदार तुंगनाथ धाम मे भी मन्दिर समिति का चार सदस्यीय दल सुरक्षा व यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लेकर लौट चुका है । जानकारी देते हुए केदारनाथ मन्दिर प्रभारी यदुवीर पुष्वाण ने बताया कि रविवार देर सांय को ओंकारेश्वर मन्दिर मे केदार पुरी के क्षेत्र रक्षक भुकुण्ड भैरव की पूजा विधि विधान से सम्पन्न की गयी तो स्थानीय जनता द्वारा नये अनाज का भोग लगाकर आगामी ग्रीष्मकालीन यात्रा के निर्विघ्न सम्पन्न होने की कामना की गयी । उन्होंने बताया कि भैरव पूजन व भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली के ऊखीमठ से कैलाश रवाना होने के पावन अवसर पर गंगोत्री धाम के रमेश जी महाराज के सहयोग से ओंकारेश्वर मन्दिर को विभिन्न प्रजाति से 8 कुन्तल पुष्पों से सुसज्जित किया गया है । बताया कि सोमवार को भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन गद्दी ओंकारेश्वर मन्दिर से धाम के लिए रवाना होगी तथा प्रथम रात्रि प्रवास के लिए विश्वनाथ मन्दिर गुप्तकाशी पहुंचेगी तथा भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली विभिन्न यात्रा पडावों पर श्रद्धालुओ को आशीर्वाद देते हुए एक मई को केदारनाथ धाम पहुंचकर भण्डार गृह मे विराजमान होगी तथा दो मई को ब्रह्म बेला पर भगवान केदारनाथ के कपाट वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ ग्रीष्मकाल के लिए खोल दिए जायेगे । मन्दिर समिति के गिरीश देवली ने बताया कि केदारनाथ धाम मे 18 सदस्यीय दल सभी यात्रा व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने के लिए जी जान से जुटा हुआ है तथा आगामी 30 अप्रैल तक सभी व्यवस्थाएं चाक – चौबंद की जायेगी।

 पैदल मार्ग पर पेयजल आपूर्ति हुई सुचारू

ऊखीमठ : आगामी दो मई से शुरू होने वाली केदारनाथ यात्रा को सुव्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए जल संस्थान विभाग मुस्तैद हो गया है । विभाग द्वारा गौरीकुंड – केदारनाथ 18 किमी पैदल मार्ग पर पेयजल आपूर्ति सुचारू कर दी गयी है । विभाग द्वारा गौरीकुंड – केदारनाथ पैदल मार्ग पर आवागमन करने वाले तीर्थ यात्रियों , घोड़े – खच्चरों को पेयजल आपूर्ति मुहैया कराने के लिए जगह – जगह स्टैड पोस्टों व पानी की चरियों कि निर्माण किया गया है । जानकारी देते हुए जल संस्थान के कनिष्ठ अभियन्ता बीरेन्द्र भण्डारी ने बताया कि गौरीकुंड – केदारनाथ पैदल मार्ग पर 37 पानी की चरियों ,60 स्टैड पोस्टों , 6 सप्लाई टैको तथा 12 स्थानों पर गर्म पानी के कनेक्शन लगाये गये है । बाक्स न्यूज। सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेकर लौटा दल । ऊखीमठ। मन्दिर समिति का चार सदस्यीय दल तृतीय केदार तुंगनाथ धाम की सुरक्षा व यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लेकर वापस लौट गया है। इस दौरान दल द्वारा तुंगनाथ धाम मे स्वच्छता अभियान भी चलाया गया । बता दे कि तृतीय केदार व हिमालय मे सबसे ऊंचाई पर विराजमान भगवान तुंगनाथ के कपाट भी आगामी दो मई को ग्रीष्मकाल के लिए खोल दिए जायेगे। तुंगनाथ धाम के कपाट खुलने से पूर्व मन्दिर समिति के चार सदस्यीय दल ने तुंगनाथ धाम पहुंचकर सुरक्षा व यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया साथ ही चन्द्रशिला जाने वाले पर्यटको व सैलानियों से बुग्यालों के संरक्षण व संवर्धन का आवाहन किया । दल मे प्रबन्धक बलवीर नेगी ,चन्द्रमोहन बजवाल , आनन्द सिंह रावत दिलवर सिंह नेगी मौजूद रहे।

Next Post

गौचर : चारधाम यात्रा के लिए पुलिस प्रशासन ने की तैयारियां, बेवजह जाम लगाने वाले वाहनों का अब होगा चालान

केएस असवाल  गौचर : पुलिस चौकी गौचर में आयोजित व्यापारियों व पुलिस की संयुक्त रुप से हुई बैठक में आगामी यात्रा सीजन में गौचर पालिका क्षेत्र में जाम की समस्या से निजात मिले इस पर गंभीरता से विचार विमर्श किया गया। तय किया गया कि यात्रा मार्ग पर खड़े वाहनों […]

You May Like