
संजय कुंवर
ज्योतिर्मठ : तहसील जोशीमठ में डाटा एंट्री ऑपरेटर की नियुक्ति की मांग को लेकर यूकेडी ने सौंपा ज्ञापन। कहा खतौनी सहित भू -अभिलेख दस्तावेज लेने पहुंच रहे लोगों को हो रही परेशानी।

सूबे की पहली सरहदी सीमांत तहसील ज्योतिर्मठ में पिछले दो माह से डाटा इंट्री ऑपरेटर के न होने से जहां नगर क्षेत्र की जनता सहित विकास खंड ज्योर्तिमठ से जुड़ी करीब 58 ग्राम सभाओं के ग्रामीणों के भू – अभिलेख रजिस्ट्री, राजस्व खतौनी सहित अन्य डाटा इंट्री सम्बन्धी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों का तहसील का उक्त कार्य बमुश्किल हो पा रहा है। यही नहीं क्षेत्र के उन्नतशील काश्तकार इन दिनों प्रधान मंत्री फसल बीमा के तहत अपनी सेब की फसल बीमा हेतु तहसील में खाता खतौनी लेने बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। डाटा इंट्री ऑपरेटर के न होने से फिलहाल तहसील प्रशासन द्वारा काम चलाऊं व्यवस्था की गई है। लेकिन एक्सपर्ट डाटा इंट्री ऑपरेटर के न होने से खाता खतौनी निकालने का कार्य तेजी से नहीं हो पा रहा है लिहाजा ग्रामीणों को लंबा इंतजार करने को मजबूर होना पड़ रहा है। इस सम्बन्ध में उत्तराखंड क्रांति दल के युवा प्रकोष्ठ के ज्योर्तिमठ ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष हर्ष वर्धन कमदी के नेतृत्व में यूकेडी कार्यकर्ताओं ने उपजिला अधिकारी कार्यालय ज्योर्तिमठ से जिलाधिकारी चमोली को एक ज्ञापन प्रेषित कर तहसील ज्योर्तिमठ में यथा शीघ्र डाटा इंट्री ऑपरेटर की नियुक्ति करने की मांग करते हुए जल्द नियुक्त नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी है। इधर तहसील प्रशासन की और से एसडीएम ऑफिस ज्योर्तिमठ के निजी सहायक सुमित कुमार ने जानकारी दी है कि डाटा इंट्री ऑपरेटर की नियुक्ति को लेकर आज यूकेडी द्वारा जो ज्ञापन दिया गया है उस सम्बन्ध में तहसील ज्योर्तिमठ से जिला प्रशासन को इस बाबत अवगत करा दिया गया है। इसके सापेक्ष में जिला प्रशासन की ओर से तहसील ज्योर्तिमठ में डाटा इंट्री ऑपरेटर की नियुक्ति की कार्यवाही गतिमान है जल्द यहां डाटा इंट्री ऑपरेटर की नियुक्ति हो जाएगी। वहीं आज शुक्रवार को भी सुबह से तहसील ज्योर्तिमठ में क्षेत्र के ग्रामीणों की लंबी कतार खाता खतौनी सहित अन्य कार्यों के लिए डाटा इंट्री ऑपरेटर कक्ष के बाहर लगी नजर आई, अब देखना ये होगा कि कितनी जल्दी तहसील ज्योर्तिमठ में डाटा इंट्री ऑपरेटर की नियुक्ति हो पायेगी।
