ज्योतिर्मठ : सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ज्योतिर्मठ में मेधावी छात्रों को किया सम्मानित 

Team PahadRaftar

सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ज्योतिर्मठ में मेधावी छात्रों को किया सम्मानित

संजय कुंवर 

ज्योतिर्मठ : सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ज्योतिर्मठ में शैक्षणिक सत्र 2024–25 के बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए मेधावी छात्र सम्मान समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मेधावी एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करना रहा।

समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, कार्यक्रम अध्यक्ष, सम्मानित अभिभावकगण, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बोर्ड परीक्षार्थियों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरे गर्व एवं आत्मविश्वास से खिल उठे। कार्यक्रम के दौरान छात्रों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, योग प्रदर्शन तथा अंग्रेज़ी नाटक (इंग्लिश ड्रामा) ने सभी उपस्थित जनों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की अतिथियों एवं अभिभावकों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।

मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि मेहनत, लगन, अनुशासन और संस्कार ही सफलता की सच्ची कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन प्रकाश पंवार द्वारा किया गया। कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम् गीत के साथ किया गया। अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी सम्मानित विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

Next Post

पीपलकोटी : व्यापार संघ पीपलकोटी बना विजेता और लुहां एकादश उपविजेता

पीपलकोटी के सेमलडाला मैदान में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में व्यापार संघ ने लुहां एकादश को 39 रनों से हराकर ट्रॉफी अपने नाम किया । पीपलकोटी : सेमलडाला मैदान में आयोजित बंड भूमियाल क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मैच लुहां एकादश और व्यापार संघ पीपलकोटी के मध्य खेला गया। […]

You May Like