
संजय कुंवर
चमोली / ज्योर्तिमठ : लामबगड़ खीरों घाटी में शराब पीने पिलाने पर लगा पूर्ण प्रतिबंध, पंचायत की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया। नियमों का पालन न करने पर सामाजिक बहिष्कार के साथ 25 हजार रुपए की दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
चमोली जिले के सीमांत ज्योर्तिमठ क्षेत्र के अलकनंदा घाटी में स्थित ग्राम पंचायत लामबगड़ की खुली बैठक में पुलिस प्रशासन की उपस्थिति में गांव के सभी सामाजिक समारोह, मांगालिक कार्यों में शराब पीने पिलाने पर पूर्ण रोक लगाने की शपथ ली गई। नियमों का पालन न करने पर सामाजिक बहिष्कार के साथ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
लामबगड़ की ग्राम प्रधान मीना चौहान की पहल पर ग्राम पंचायत की पहली खुली बैठक में यह निर्णय लिया गया। प्रधान मीना चौहान ने बताया कि ग्राम पंचायत की इस बैठक में मादक पदार्थों का बहिष्कार करने का महत्वपूर्ण मुद्दा रखा गया। जिस पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि गांव में मदिरा पान को पूर्णतया प्रतिबंधित किया जाएगा। उन्होंने अपने ग्राम पंचायत क्षेत्र के निवासियों खास कर युवाओं से अपील की है कि किसी भी तरह के नशे का सेवन न करें और मदिरा पान जैसी सामाजिक समस्या और कुरीतियों को जड़ से मिटाने में ग्राम पंचायत का सहयोग करें।

