
संजय कुंवर
ज्योतिर्मठ : जोशीमठ नगर क्षेत्र में एक बार फिर भालूओं का आतंक बढ़ गया है। आज सुबह डांडो गांव में एक भालू देखा गया लोगों ने हो-हल्ला कर भगाया गया। सूचना मिलने पर नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क की टीम ने लगाई लंबी गश्त।
दिसम्बर का दूसरा सप्ताह चल रहा है लेकिन पहाड़ों में भालुओं के आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सीमांत नगर ज्योतिर्मठ के डांडो वॉर्ड, मुख्य बाजार, नरसिंह मंदिर, सिंहधार, मनोहर बाग से लेकर सुनील, टीवी टावर, नोंग, चौड़ारी, रवि ग्राम, जीरो बैंड इलाके में लगातार भालू के फिर से सक्रिय होने की खबरों से नन्दा देवी राष्ट्रीय पार्क प्रशासन की चिंता बढ़ना लाजिमी है। आज सुबह साढ़े चार बजे ज्योर्तिमठ के डांडो गांव के आबादी वाले इलाके में फिर से भालू के घुसने से अफरा तफरी का माहौल बन गया। भालू एक जगह से दूसरे जगह उधम मचाते हुए साफ नजर आया।

गौशाला के आसपास मंडराते देख लोगों ने अपने छत से शोरगुल मचाया जिसके बाद भालू बमुश्किल गांव के बीच के रास्तों से अपर बाजार की ओर भाग गया गनीमत रही कि इस दौरान डांडो ज्योर्तिमठ पैदल संपर्क मार्ग पर लोग आवाजाही नहीं कर रहे थे, वरना बड़ा हादसा हो सकता। सूचना मिलने पर नन्दा देवी राष्ट्रीय पार्क की QRT टीम रेंज ऑफिसर गौरव नेगी की अगुवाई में भालू प्रभावित डांडो गांव पहुंची और जहां जहां भालू की गतिविधियों को देखा गया उस पॉइंट का निरीक्षण कर वापस लौटी। भालू की धमक के बाद मुख्य बाजार से लेकर सुनील गांव तक वन विभाग की QRT टीम गश्त करती नजर आई। लेकिन तब तक भालू भाग चुका था।
